दिल्ली यूपी समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में तेज गर्मी का अलर्ट जारी किया है। अगले 3-4 दिनों तक इन क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है, जबकि कई राज्यों में तापमान 42-45°C तक पहुंच सकता है। वहीं, पूर्वोत्तर राज्यों में झमाझम बारिश और तूफान का पूर्वानुमान है।
आईएमडी के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 24 से 27-28 अप्रैल तक हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। रात के तापमान भी ऊंचे रहने से गर्मी और बढ़ सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का प्रकोप
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 41 से 44°C के बीच रहेगा। 25 से 27 अप्रैल तक लू के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। न्यूनतम तापमान 25-27°C के आसपास रहने की संभावना है, जिससे रातें भी गर्म बनी रहेंगी।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में लू का असर रहेगा। तापमान 44°C तक पहुंच सकता है। आईएमडी ने 24 से 27 अप्रैल तक पश्चिमी UP और पूर्वी यूपी में हीट वेव अलर्ट जारी किया है।
अन्य राज्यों की स्थिति
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा: अगले 4 दिनों तक लू की चेतावनी। तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहने की आशंका।
बिहार: 24-25 अप्रैल को लू का असर, जबकि 26-27 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक का अलर्ट।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़: हीट वेव के साथ तापमान में वृद्धि जारी।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: मैदानी इलाकों में गर्मी का असर, पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान ऊंचा।
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी के साथ बारिश की संभावना है। 28 अप्रैल तक इन राज्यों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और गरज-चमक की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर में भारी बारिश और तूफान
असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में इस सप्ताह व्यापक बारिश होने का पूर्वानुमान है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज तूफान (50-70 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाएं) और बिजली गिरने की आशंका है। आईएमडी ने 25-30 अप्रैल के दौरान अरुणाचल और असम-मेघालय में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal