‘वैभव सूर्यवंशी की तरह खेलो’, टीम इंडिया को सुपर-8 से मिली अहम सलाह

भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 के सुपर-8 चरण से पहले तिलक वर्मा को खास सलाह दी।

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्‍ड कप के ग्रुप चरण में अजेय रहते हुए सुपर-8 में प्रवेश किया। गत चैंपियन को अब 2024 की रनर्स-अप साउथ अफ्रीका, जिम्‍बाब्‍वे और वेस्‍टइंडीज का सामना करना है। भारतीय टीम अच्‍छी लय में है और उसे खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्‍विन ने सूर्या ब्रिगेड की निरंतरता की तारीफ की, लेकिन साथ ही स्‍वीकार किया कि नीदरलैंड्स के खिलाफ प्रदर्शन दमदार नहीं था। यूट्यूब पर ऐश की बात शो में अश्विन ने कहा कि सूर्यकुमार यादव ने संभलकर पारी को बढ़ाया जबकि शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह ने सही समय पर रन गति बढ़ाई।

अश्विन ने क्‍या कहा
अश्विन ने ध्‍यान दिलाया कि भले ही भारतीय टीम अपने बेहतरीन फॉर्म में नहीं हो, लेकिन टीम की ताकत को देखते हुए उसे हरा पाना किसी के लिए भी आसान नहीं हैं।

सूर्या ने शानदार पारी खेली। रनगति बढ़ाना थी तो दुबे, हार्दिक और रिंकू वहां थे। वो जानते हैं कि रन गति को कैसे बढ़ाना हैं। मगर नीदरलैंड्स के खिलाफ भारतीय टीम बल्‍ले से दमदार नहीं थी। मगर वो इतनी मजबूत टीम है कि साधारण दिन होने के बावजूद उसे हरा पाना मुश्किल है। वो औसत प्रदर्शन कर रही थी और अपने सर्वश्रेष्‍ठ फॉर्म में नहीं थी। वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी की। डच बल्‍लेबाज उसे समझ नहीं पाए। जसप्रीत बुमराह को पावरप्‍ले में स्विंग मिली और उन्‍होंने यॉर्कर भी डाली।

-रविचंद्रन अश्विन

तिलक को मिली अहम सलाह
रविचंद्रन अश्विन ने इस दौरान तिलक वर्मा की टी20 प्रारूप में सोच पर भी विचार रखे। अश्विन का ध्‍यान दिलाया कि टी20 सफलता दम लगाकर खेलने पर निर्भर नहीं, जरूरी है कि टाइमिंग और बल्‍ले के सबसे अहम हिस्‍से पर गेंद लगे। कृपया ध्‍यान रखिए, आप वैभव सूर्यवंशी की तरह खेल सकते हैं, लेकिन आप तिलक की तरह भी खेल सकते हैं, जो टाइमिंग के साथ गैप निकालना जानता है।

बता दें कि भारतीय टीम रविवार को साउथ अफ्रीका से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्‍टेडियम में भिड़ेगी। इसके बाद वह 26 फरवरी को जिम्‍बाब्‍वे की चुनौती का सामना करेगी। फिर 1 मार्च को वेस्‍टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया सुपर-8 राउंड का अपना आखिरी मैच खेलेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com