भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश में अब तक की ‘सबसे निर्णायक व पारदर्शी’ सरकार है, जिसके कारण पिछले तीन वर्षो में अधिकांश चुनावों में लोगों ने भाजपा के पक्ष में वोट दिया। भाजपा नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीन साल पूरे होने पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए शाह ने कहा, “मोदीजी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार अब तक की सबसे निर्णायक तथा पारदर्शी है।”

शाह ने कहा कि भाजपा ने बीते तीन वर्षो में ‘भाई-भतीजावाद, जातिगत तथा तुष्टिकरण की नीति से छुटकारा दिला दिया।’ उन्होंने कहा कि भाजपा को लोगों का जनादेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘लोगों के विश्वास की एक मुहर’ है। शाह ने कहा, “साल 2014 में देश के लोगों ने भाजपा को अपार जनादेश दिया और उसके बाद सभी चुनावों में भाजपा का वोट शेयर बढ़ता गया, जो मोदी के काम का प्रमाणपत्र है।” उन्होंने कहा, “यह सरकार लकवाग्रस्त नहीं, बल्कि निर्णायक है।”भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पिछले तीन वर्षो में भाजपा ने नई उपलब्धियों को हासिल किया। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी क्षेत्र में हमने नया फासला तय किया, क्योंकि हमने एक बार में 104 उपग्रहों को लॉन्च किया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal