सुरक्षा बलों पर नक्सलियों का हमला : शहीद जवानों को मेरा नमन देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा शांति और विकास के दुश्मनों के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी : गृह मंत्री अमित शाह

छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर सीमावर्ती इलाके में शनिवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में पांच जवान शहीद हो गए थे और 30 जवान घायल हो गए थे। वहीं ताजा जानकारी के मुताबिक इस मुठभेड़ में 15 जवानों के लापता होने की खबर है। इधर गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री से फोन पर बात की है।

शहीद हुए पांच जवानों में से दो जवानों के शवों को बरामद कर लिया गया है। वहीं पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल से एक महिला नक्सली का शव भी बरामद हुआ है। इस हमले में घायल हुए 23 जवानों को बीजापुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है तो वहीं सात जवान रायपुर के अस्पताल में भर्ती किए गए हैं।

इस नक्सली हमले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि शहीद जवानों को मेरा नमन है। देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। अमित शाह ने कहा कि शहीद जवानों के परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। शांति और विकास के दुश्मनों के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी। वहीं अमित शाह ने सीआरपीएफ के डीजी को भी शीघ्र छत्तीसगढ़ पहुंचने को कहा है।

राज्य के नक्सल विरोधी अभियान के पुलिस उप महानिरीक्षक ओपी पाल ने बताया कि शुक्रवार की रात बीजापुर और सुकमा जिले से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन, डीआरजी और एसटीएफ के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान में बीजापुर जिले के तर्रेम, उसूर और पामेड़ से तथा सुकमा जिले के मिनपा और नरसापुरम से लगभग दो हजार जवान शामिल थे।

पाल ने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार मुठभेड़ में कोबरा बटालियन का एक जवान, बस्तरिया बटालियन के दो जवानों तथा डीआरजी के दो जवानों (कुल पांच जवानों) की मृत्यु हुई है। इस दौरान 30 जवान घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुठभेड़ में पांच जवानों की शहादत पर दुख व्यक्त किया है।

ऐसा माना जा रहा है कि जवानों को नक्सलियों के हमले का पहले से अंदेशा था, इसलिए नक्सल विरोधी अभियान में दो हजार जवानों को शामिल किया गया था। बीजापुर-सुकमा जिले का सरहदी इलाका जोनागुड़ा नक्सलियों का मुख्य इलाका है। यहां नक्सलियों की पूरी बटालियन और कई प्लाटून हमेशा तैनात रहती हैं। इस पूरे इलाके की कमान महिला नक्सली सुजाता के हाथों में है।

पुलिस महानिरीक्षक पी सुंदरराज ने कहा कि ये मुठभेड़ करीब दो-तीन घंटे चली। पुलिस की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सली दो ट्रैक्टरों में शवों को ले गए थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com