भाजपा सांसद हंसराज हंस के कार्यालय पर फायरिंग करने वाला तीन घंटे में गिरफ्तार

भाजपा सांसद व प्रसिद्ध सूफी गायक हंस राज हंस के रोहिणी स्थित दफ्तर पर सोमवार की शाम एक शख्स ने फायरिंग कर दी। फायरिंग करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। हालांकि घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। वारदात के समय दफ्तर में केवल एक कर्मी मौजूद था। हमलावर ने मौके पर तीन राउंड गोलियां चलाई, जिसमें दो हवाई फायरिंग की और एक गोली दफ्तर के दरवाजे पर चलाई।इससे दरवाजे के शीशे आदि टूट गए। पुलिस ने इस मामले में काफी तेजी दिखाते हुए एक शख्‍स को गिरफ्तार कर लिया है।

15 मिनट पहले ही निकले थे सांसद

बताया जाता है कि फायरिंग से करीब 15 मिनट पहले ही सांसद अपने सहयोगियों के साथ दफ्तर से बाहर निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के आला अधिकारी पहुंचकर जांच में जुटे हैं। इस बावत नॉर्थ रोहिणी थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने हमलावर की पहचान कर ली है।

बैठक में भाग लेने के लिए निकले थे हंसराज हंस

जानकारी के अनुसार उत्तर पश्चिम दिल्ली संसदीय क्षेत्र (सुरक्षित) से सांसद हंस राज हंस का रोहिणी सेक्टर सात में दफ्तर है। बताया जाता है कि सांसद शाम पांच बजे तक अपने दफ्तर में मौजूद थे। उन्हें किसी बैठक में

भाग लेने के लिए जाना था। ऐसे में वह दफ्तर से निकल गए थे। उनके जाने के बाद वहां करीब 50 साल का एक शख्स पहुंचा। वह नशे में था। उसे दफ्तर में कोई नहीं मिला।

जोर-जोर से चिल्‍ला रहा था हमलावर

दफ्तर का दरवाजा भी बंद था। उसे जब यह पता चला कि सांसद दफ्तर से निकल चुके हैं तो उसने बाहर हंगामा शुरू कर दिया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। वह कह रहा था कि सांसद उसे मिलने का समय नहीं दे रहे हैं।

हंगामे के दौरान ही उसने पिस्टल निकाल कर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें उसने एक गोली दरवाजे की तरफ चला दी। जबकि इसके पहले दो गोली हवा में चलाई।

फायरिंग से मची अफरातफरी

फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर अफरातफरी मच गई। इसी बीच हमलावर मौके से फरार हो गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावर ने केसरिया रंग का कुर्ता पहन रखा था। पुलिस ने इस मामले में तहकीकात करते हुए एक शख्‍स को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शख्‍स का नाम रामेश्‍वर पहलवान है। पुलिस के अनुसार इसी ने हंसराज हंस के ऑफिस के बाहर फायरिंग की है। उसका वाहन और हथियार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। केस दर्ज कर पुलिस इस मामले में और छानबीन कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com