जापान में मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 141 हो गई है। सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पुलिस और सैनिकों समेत दर्जनों लोग अब भी लापता है। बचाव दल के लोग पीड़ित परिवारों और लापता लोगों को ढूंढने की कोशिश में जुटे हैं। इस बीच बाढ़ के पानी में गिरावट आनी शुरू हो गई है।
बाढ़ और भूस्खलन में फंसे लोगों की मदद के लिए 70 हजार से ज्यादा आपातकालीन कर्मचारियों को तैनात किया गया है।सरकार के प्रवक्ता योशिहिदे सुगा ने बताया कि पुलिस, फायर ब्रिगेड और सेना के करीब 73,000 जवान राहत और बचाव कार्यों में जुट हैं। राहत और बचाव अभियान में 700 हेलिकॉप्टरों की मदद भी ली जा रही है।
बाढ़ के कारण PM आबे ने रद की विदेश यात्रा
इस बीच बाढ़ से मची तबाही के कारण जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने चार देशों की अपनी विदेश यात्रा को रद कर दिया है। आबे बुधवार से बेल्जियम, फ्रांस, सऊदी अरब और मिस्र की यात्रा पर जाने वाले थे। वह इस हफ्ते बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकते हैं।
हालांकि राहत की बात यह रही है कि पिछले कई दिनों से जापान के दक्षिणी-पश्चिमी इलाके में आफत मचाने के बाद बारिश रुक गई है। सोमवार को आसमान साफ दिखाई दिया और सूरज आम दिनों की तरह निकला। लेकिन, तबाही का मंजर चारों ओर पसरा हुआ है। बाढ़ और भूस्खलन के चलते राहतकर्मियों को अभियान चलाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal