12 दिनो में अतीक अहमद के 100 करोड़ की संपत्ति कुर्क

योगी 2.0 कार्यकाल में अतीक अहमद के खिलाफ अब तक सबसे बड़ी कार्रवाई बुधवार को की गई। प्रयागराज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत अतीक अहमद के खिलाफ महज 12 दिन में 100 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। एसएसपी शैलेष पांडेय ने बताया कि 12 अगस्त को पुलिस अतीक की 24 करोड़ की संपत्ति कुर्क की थी। बुधवार को अतीक और उसकी पत्नी के नाम से मिली 76 करोड़ की प्रॉपर्टी पर कार्रवाई की गई। बकौल एसएसपी ये संपत्तियां अवैध तरीके से कमाई करके बनाई गई थी। अतीक की अन्य संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है।

आईजी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि अतीक और उसके गैंग के सदस्यों की अवैध संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है।  प्रयागराज और कौशाम्बी जिले में मिली अतीक की संपत्तियां ही कुर्क की गई हैं। पुलिस यूपी के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों में अतीक और उसके परिवारजन की संपत्तियों का पता लगा रही है। पुलिस को शक है कि अतीक ने राजधानी लखनऊ, दिल्ली, मुम्बई, गोवा और अहमदाबाद में प्रॉपर्टी बनाई है। अहमदाबाद जेल जाने के बाद उनके गुर्गों को रहने के लिए करोड़ों का फ्लैट खरीदने की सूचना है। इसका पुलिस सत्यापन कर रही है। इस बात की संभावना है कि वहां पर अतीक के किसी गुर्गे के नाम से फ्लैट खरीदा गया है। आईजी ने बताया कि किसी भी संपत्ति का पता चलने पर गैंगस्टर एक्ट में कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

आखिर डेढ़ साल तक क्यों रुकी थी कार्रवाई!

यह महज संयोग नहीं हो सकता। कप्तान बदलते ही अतीक पर कार्रवाई की दशा और दिशा बदल गई। जो पुलिस पिछले डेढ़ साल से अतीक की कोई संपत्ति का पता नहीं लगा पा रही थी, उसी ने एक महीने में 100 करोड़ की संपत्ति तलाश कर ली। 12 दिन में जिलाधिकारी के निर्देश पर 100 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली गई। यह कमाल कैसे हो गया, पुलिस को ऐसी कौन सी जादू की छड़ी मिल गई जिससे अतीक की अवैध संपत्तियों का लगातार पता चल रहा है। यह बातें इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

सवाल उठना स्वभाविक है। अतीक अहमद के नाम से अरबों की संपत्ति होने की बात सामने आई थी। एक समय प्रयागराज पुलिस ने अतीक की अवैध संपत्तियों पर लगातार कार्रवाई की लेकिन जनवरी 2021 के बाद उसकी प्रॉपर्टी का पता नहीं चला। अतीक की करोड़ों की संपत्तियों का पता लगाने वाले सीओ सिविल लाइंस बृजनारायण सिंह का ट्रांसफर होने के बाद नई संपत्तियों के बारे में जानकारी नहीं हुई। हैरानी की बात यह है कि अतीक और उसकी पत्नी शाइस्ता के नाम से प्रयागराज और कौशाम्बी में ही 100 करोड़ की संपत्तियों की जानकारी हुई और कार्रवाई की गई।

बताया जा रहा है कि अतीक के खिलाफ मोर्चा लेने वाले उसके रिश्तेदारों की मदद से अब खोजबीन चल रही है। पुलिस का तर्क था कि संबंधित विभाग से अतीक और उसकी पत्नी की संपत्ति के बारे में जानकारी मांगी गई थी लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। वजह चाहें जो भी रही हो लेकिन डेढ़ साल तक कार्रवाई न होने पर पुलिस महकमे में तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com