होर्मुज में नहीं थम रहा अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष, फिर हुए मिसाइल-ड्रोन हमले

ईरान के दो जहाजों और होर्मुज के आसपास के द्वीपों पर गुरुवार देर रात अमेरिकी नौसेना ने हमला करके खाड़ी के तनाव को बढ़ा दिया। न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, इस हमले में एक जहाज में आग लग गई, जिसमें 10 नाविक घायल हुए, जबकि पांच लापता हो गए।

इसमें एक का शव शुक्रवार को बरामद किया गया। इसके जवाब में ईरानी सेना ने मिसाइलों और ड्रोन से तीन अमेरिकी डेस्ट्रायर युद्धपोतों पर हमला कर दिया। इससे एक महीने पुराने युद्धविराम पर अब तक का सबसे बड़ा संकट पैदा हो गया।

जारी है सीजफायर

हालांकि दोनों देशों ने संकेत दिए कि वे हालात को और नहीं बिगाड़ना चाहते। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस कार्रवाई को ईरान पर ‘प्यार भरी थपकी’ बताया और दावा किया कि संघर्षविराम अब भी प्रभावी है।

वहीं, ईरान ने भी कहा कि स्थिति दोबारा सामान्य हो गई है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि जब भी कूटनीतिक समाधान आगे बढ़ता है, अमेरिका गैरजिम्मेदाराना हरकतें करने लगता है। वैश्विक तेल बाजार में हलचल मची और कच्चे तेल के दाम तीन प्रतिशत तक बढ़ गए।

रायटर के अनुसार, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दावा किया है कि ईरान ने उस पर दो बैलिस्टिक मिसाइल और तीन ड्रोन से हमले किए। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर कहा कि सभी हमलों को हवा में विफल कर दिया गया। हालांकि, हमले में तीन लोग घायल हुए हैं।

ईरान ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

हालांकि इस दावे पर ईरान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। अमेरिका-ईरान के बीच ताजा संघर्ष ऐसे समय में हुआ जब वाशिंगटन, युद्ध समाप्त करने के लिए भेजे गए अमेरिकी प्रस्ताव पर ईरान के जवाब का इंतजार कर रहा है। प्रस्ताव में फिलहाल लड़ाई रोकने की बात है, लेकिन ईरान के परमाणु कार्यक्रम जैसे विवादित मुद्दों को बाद के लिए छोड़ दिया गया है।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शुक्रवार को ईरान का जवाब मिलने की उम्मीद जताई है। ईरान के संयुक्त सैन्य मुख्यालय ने अमेरिका पर संघर्षविराम उल्लंघन का आरोप लगाया। ईरानी सेना के अनुसार अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट में प्रवेश कर रहे एक तेल टैंकर और एक अन्य जहाज को दक्षिणी ईरान के जास्क बंदरगाह के करीब निशाना बनाया और होर्मुज में स्थित केशम द्वीप, बंदर खामिर और सीरिक के तटीय इलाकों में नागरिक क्षेत्रों पर हवाई हमले किए।

इसके जवाब में ईरान ने स्ट्रेट के पूर्वी हिस्से और चाबहार बंदरगाह के दक्षिण में मौजूद अमेरिकी सैन्य पोतों पर हमला किया, जिसमें अमेरिकी बलों को भारी नुकसान पहुंचा। कई घंटों की गोलीबारी के बाद होर्मुज के द्वीपों और तटीय शहरों में स्थिति सामान्य हो गई है।उधर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकाम) ने दावा किया कि ईरानी जहाज अमेरिकी नाकेबंदी तोड़कर आगे बढ़ रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए हमले किए गए।

इसके जवाब में ईरान ने मिसाइलों, ड्रोन और छोटी नौकाओं से तीन डेस्ट्रायर जहाजों- ट्रक्सटन, पेराल्टा और मेसन- को निशाना बनाया, लेकिन किसी पोत को नुकसान नहीं पहुंचा।सेंटकाम ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में ईरान के मिसाइल और ड्रोन ठिकानों समेत कई स्थानों पर हमले किए गए। सेंटकाम तनाव बढ़ाना नहीं चाहता, लेकिन अमेरिकी बलों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने घटना को तूल न देते हुए पत्रकारों से कहा कि ईरान ने हमारे साथ खिलवाड़ किया। हमने भी उन्हें जवाब दे दिया। ट्रंप ने यह भी दोहराया कि संघर्षविराम अब भी लागू है। हालांकि, उन्होंने चेताया कि ईरान ने जल्द समझौता न किया तो भारी बमबारी की जाएगी।

होर्मुज में चीनी टैंकर पर हमले से चीन नाराज

एपी के अनुसार, होर्मुज में बुधवार को कथित तौर पर ईरानी हमले का शिकार हुए चीनी तेल टैंकर को लेकर चीन के विदेश मंत्रालय ने चिंता जताई। हालांकि, हमले से तेल टैंकर को नुकसान नहीं पहुंचा और चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित भी रहे। इस बीच ईरान ने ओमान की खाड़ी में ‘ओशन कोई’ नाम के एक तेल टैंकर जब्त कर लिया।

ईरानी मीडिया ने सेना के हवाले से बताया कि बारबाडोस के ध्वज वाला टैंकर ईरान के तेल निर्यात को बाधित करने की कोशिश कर रहा था। ईरान जल्दी ही जीत का जश्न मनाएगा: उपराष्ट्रपति एएनआइ के अनुसार, ईरान के प्रथम उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने दावा किया है कि तेहरान जल्द ही अमेरिका और इजरायल के खिलाफ बड़ी जीत का जश्न मनाएगा।

सरकारी चैनल प्रेस टीवी के अनुसार आरिफ ने कहा कि ईरान पर वर्षों से लगाए गए प्रतिबंध और दबाव जल्द समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान आर्थिक और कूटनीतिक अलगाव के दौर से बाहर निकलने के करीब है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com