हिमाचल में शीतलहर तेज हो गई है। प्रदेश में छह स्थानों केलंग, कल्पा, मनाली, कुफरी, सुंदरनगर व सोलन में तापमान जमाव बिंदु से नीचे है। सर्दी का आलम यह है कि लाहुल में सरसों का तेल और दूध भी जम गया। लाहुल स्पीति जिले के काजा उपमंडल में स्पीति नदी और किन्नौर जिले में सतलुज नदी में पानी कुछ स्थानों पर जम गया है। किन्नौर में पूह खंड की उपतहसील यंगथंग में नाको झील पूरी तरह जम गई है।

किन्नौर जिला की मूरंग तहसील के रिब्बा, यंगथंग के मूलिंग, सांगला तहसील के चानसू के अलावा जिले में कई जगह झरने जम गए हैं। प्रदेश में शनिवार को धर्मशाला, ऊना सहित कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी शिमला मेंं न्यूनतम तापमान में हल्का सुधार हुआ है। ऊना, मंडी और बिलासपुर में कोहरे के कारण तापमान में हल्की गिरावट आई है।
शिमला से ज्यादा ठंडी रातें सुंदरनगर, मंडी, पालमपुर, धर्मशाला व हमीरपुर में हैं। दिन में तापमान में हल्का सुधार हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में ज्यादा ठंड होने की संभावना है। बर्फबारी और बारिश न होने के कारण इन दिनों शुष्क ठंड है। ऐसे में लोगों के बीमार होने की संभावना ज्यादा है। चिकित्सकों ने लोगों को शुष्क ठंड से बचाव करने की सलाह दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह का कहना है हिमाचल में न्यूनतम व अधिकतम तापामन सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस नीचे है।
कहां कितना रहा तापमान
स्थान, न्यूनतम, अधिकतम
केलंग, -11.5, -1.6
कल्पा, -1.8, 5.4
मनाली, -2.6, 11.6
कुफरी, -1.5, 7.8
सुंदरनगर, -1.9, 18.3
सोलन, -1.0, 18.5
धर्मशाला, 2.2, 10.8
शिमला, 4.0, 14.8
बिलासपुर, 4.0, 18.0
ऊना, 4.4, 14.8 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal