उत्तर प्रदेश के हाथरस में सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद से देश में आरोपियों के खिलाफ आक्रोश है। देशवासी उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी गुरुवार को हाथरस जाकर पाड़िता के परिवार से मुलाकात करेंगे। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री मुख़्तार अब्बास नकवी ने कहा इस पर राजनीति बंद होनी चाहिए।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म की हालिया घटनाओं पर कहा, ‘बर्बर अपराधियों को निश्चित रूप से उनकी बर्बरता के लिए दंडित किया जाएगा। जांच दल जांच को आगे बढ़ा रहे हैं। लेकिन मुझे लगता है कि इस पर राजनीतिक नहीं होना चाहिए।
जो लोग राजनीतिक के माध्यम से तनाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। हर कोई दुखी है और दोषियों के लिए सजा चाहता है, उत्तर प्रदेश सरकार इसके लिए काम कर रही है। आप जल्द ही परिणाम देखेंगे।’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने योगी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा का नारा बेटी बचाओ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है।
राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के जंगलराज में बेटियों पर जुल्म और सरकार की सीनाजोरी जारी है। कभी जीते-जी सम्मान नहीं दिया और अंतिम संस्कार की गरिमा भी छीन ली। भाजपा का नारा ‘बेटी बचाओ’ नहीं, ‘तथ्य छुपाओ, सत्ता बचाओ’ है।’
प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट कर कहा, ‘हाथरस जैसी वीभत्स घटना बलरामपुर में घटी। लड़की का बलात्कार कर पैर और कमर तोड़ दी गई। आजमगढ़, बागपत, बुलंदशहर में बच्चियों से दरिंदगी हुई।
यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। जनता को जवाब चाहिए।’
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal