उत्तर प्रदेश के हाथरस कांड की पीड़िता के परिवार से मिलने गए आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आप विधायक कुलदीप कुमार पर महामारी एक्ट अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई है। यह जानकारी हाथरस के पुलिस अधीक्षक ने दी है। दरअसल, कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार पर आरोप है कि उन्होंने कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बावजूद हाथरस में पीड़िता के परिवार से मुलाकात की, जबकि वह 29 अक्टूबर को ही कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। 
समाचार एजेंसी एएनआई के मुातबिक, विधायक कुलदीप कुमार ने 29 सितंबर को खुद ही बताया था कि वह कोरोना वायरस संक्रमित हैं और इसके बाद वह हाथरस में परिवार से मिलते दिखे थे। पांच अक्टूबर को उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी सूचना दी थी कि उन्होंने हाथरस में पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। पांच दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए विधायक कुलदीप कुमार 5 अक्टूबर को कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस पहुंच गए थे। नियम के मुताबिक, उन्हें होम आईसोलेशन पर होना चाहिए था। इसके बावजूद वह हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे।
पीड़ित परिवार से मिलकर विधायक कुलदीप कुमार ने ढांढस बंधाया और कहा कि योगी राज में कानून नहीं जंगल राज चल रहा है, ये लोकतंत्र और संविधान की हत्या है। उन्होंने कहा कि योगी राज में उत्तर प्रदेश के अंदर रह रहे परिवारों में डर और भय का माहौल पैदा किया जा रहा है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘अभी हाथरस में पीड़ित परिवार से मिलकर लौटा हूं ।परिवार में डर और भय का माहौल पैदा किया जा रहा है। ये लोकतंत्र और संविधान की हत्या है। उत्तर प्रदेश में योगी राज में क़ानून नही जंगल राज चल रहा है !’
इससे पहले 29 सितंबर को विधायक कुलदीप कुमार ने अपने पॉजिटिव होने की जानकारी ट्वीटर के जरिए दी थी। उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडिल से छह दिन पहले लिखा था कि पिछले दो दिनों से मुझे हल्का बुखार होने की वजह से कोविड-19 का टेस्ट कराया था। जिसके बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद वह होम आइसोलेशन हो गए हैं। साथ ही उन्होंने मिलने वाले सभी लोगों से टेस्ट कराने की भी सलाह दी थी। होम आईसोलेट पर होने के बाद भी विधायक कुलदीप सोमवार को हाथरस पहुंच गए।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal