हरियाणा: हरियाणा सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने की अपील की है।
सरकार के अनुसार 10 वर्ष पुराने डीजल और 15 वर्ष पुराने पेट्रोल वाहनों को पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्रों (आरवीएसएफ) में स्क्रैप कराने पर जोर दिया जा रहा है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि पुराने वाहन वायु प्रदूषण बढ़ाने के साथ-साथ रखरखाव पर अधिक खर्च और सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का कारण भी बन सकते हैं। ऐसे में वाहन मालिकों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदारी निभाते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार अपने पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा केंद्रों पर वाहनों को सुरक्षित तरीके से स्क्रैप करने की व्यवस्था है। इससे प्रदूषण कम करने, सड़क सुरक्षा में सुधार लाने और वाहनों में इस्तेमाल होने वाली उपयोगी सामग्री के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि निर्धारित नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कारर्वाई की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ एनसीआर और हरित भविष्य के निर्माण में सहयोग देने तथा अपने पुराने वाहनों को अधिकृत केंद्रों पर स्क्रैप कराने की अपील की।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal