हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। पहाड़ों से आ रही हवाओं ने प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश के दो जिलों महेंद्रगढ़ और रोहतक में दिन और रात सबसे अधिक सर्द रही। रोहतक में दिन का तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री दर्ज किया गया। अब प्रदेश में रात का तापमान सामान्य श्रेणी में आ गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
7-8 को छा सकते हैं बादल
बता दें कि आज से 6 दिसंबर तक ठंडी उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। कुछ स्थानों पर सुबह के समय हल्का कोहरा छाने के भी आसार हैं। 7 दिसंबर से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके कारण हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी हो जाएगी। 7-8 को आंशिक बादल छा सकते हैं।
जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अभी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ों पर कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में परिवर्तन होने से बादल छाने की संभावना है, जिससे रात और दिन के तापमान में कमी आने के आसार हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal