उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मानसून फिर सक्रिय होने जा रहा है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को सुबह सुबह कई इलाकों में बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार यानी 17 जुलाई से प्रदेशभर में बारिश का दौर तेज होगा। 22 जुलाई तक तराई समेत कई जिलों में मध्यम से अच्छी बारिश होने की संभावना है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बारिश की शुरुआत पूर्वी उत्तर प्रदेश से होगी। इसके बाद अगले 48 घंटों में इसका असर धीरे-धीरे मध्यांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से चक्रवाती परिसंचरण और मानसून द्रोणी के तराई की ओर रहने के कारण पूर्वी तराई के कुछ हिस्सों में ही बारिश हो रही थी।
मौसम विभाग के अनुसार 17 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि बृहस्पतिवार के लिए कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है और हवा में नमी अधिक रहने से कई स्थानों पर उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है।
वहीं, 39.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रयागराज प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। बुधवार को अंबेडकर नगर में 75 मिमी, हमीरपुर में 54 मिमी, मथुरा में 44 मिमी, अयोध्या में 42 मिमी और गोरखपुर में 38 मिमी बारिश दर्ज की गई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal