सीएम योगी से मुलाकात के बाद बोले फ्लिपकार्ट CEO, राज्य के लिए किया बड़ा ऐलान

बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के बाद फ्लिपकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) कल्याण कृष्णमूर्ति ने उत्तर प्रदेश के साथ कंपनी की दीर्घकालिक साझेदारी के लिए आभार व्यक्त करते हुए राज्य के विकास में निरंतर सहयोग का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट पिछले 15 वर्षों से उत्तर प्रदेश में कारोबार कर रहा है और इस दौरान राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ग्राहकों की संख्या तथा विक्रेताओं के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है।

15 वर्षों की साझेदारी, उत्तर प्रदेश की प्रगति पर जताया आभार
कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा कि सबसे पहले मैं इस साझेदारी के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करना चाहता हूं। हम पिछले 15 वर्षों से उत्तर प्रदेश में कारोबार कर रहे हैं और इस दौरान राज्य में जिस तरह की प्रगति हमने देखी है, वह असाधारण है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, ग्राहकों की संख्या और विक्रेताओं की वृद्धि, हर क्षेत्र में शानदार प्रगति हुई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने हमें अपने विकास के विजन का भागीदार चुना। इसके लिए हम सीएम योगी के अत्यंत आभारी हैं।

AI विजन का साझेदार बनने को तैयार फ्लिपकार्ट
उत्तर प्रदेश में टेक्नोलॉजी और एआई पर विशेष जोर का उल्लेख करते हुए कृष्णमूर्ति ने कहा कि फ्लिपकार्ट उत्तर प्रदेश की एआई आधारित विकास यात्रा में सहभागी बनना चाहता है। एआई-सक्षम उत्तर प्रदेश को लेकर काफी चर्चा हो रही है और हम इस यात्रा में भागीदार बनना चाहते हैं।

एमएसएमई को मिलेगा और अधिक प्रोत्साहन
छोटे उद्यमों के लिए नई संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कृष्णमूर्ति ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के अधिक से अधिक एमएसएमई को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है और फ्लिपकार्ट इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगा। आज की चर्चा में सीएम योगी ने यूपी में एमएसएमई को और प्रोत्साहित करने पर विस्तार से चर्चा की। फ्लिपकार्ट भारत में एमएसएमई के लिए सबसे बड़े प्लेटफॉर्मों में से एक है, जहां 5 लाख से अधिक एमएसएमई कारोबार कर रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या उत्तर प्रदेश से भी है। मुख्यमंत्री ने यूपी से और अधिक इकाइयों को जोड़ने पर बल दिया है। हमने इसे स्वीकार करते हुए भविष्य की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल करने का निर्णय किया है।

उत्तर प्रदेश के विकास में दीर्घकालिक साझेदारी रहेगी जारी
उत्तर प्रदेश के प्रति फ्लिपकार्ट की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराते हुए कृष्णमूर्ति ने कहा कि पिछले 10 से 15 वर्षों में हमने ग्राहकों, विक्रेताओं और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि देखी है। उत्तर प्रदेश के साथ हमारी प्रतिबद्धता मजबूत है और हम राज्य के विकास में आगे भी पूरी निष्ठा के साथ सहयोग करते रहेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com