सावधान! ACP गुरदेव सिंह के नाम से आ रही फेसबुक रिक्वेस्ट, पुलिस ने जारी की चेतावनी

महानगर में साइबर ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्होंने पुलिस के उच्चाधिकारियों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट में तैनात असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) ट्रैफिक गुरदेव सिंह की एक फर्जी फेसबुक आईडी बनाने का मामला सामने आया है।

PunjabKesari

शातिर ठगों ने न केवल अधिकारी के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी अकाउंट तैयार किया, बल्कि देखते ही देखते उस पर 49 लोगों को बतौर फ्रेंड भी जोड़ लिया। इसका खुलासा तब हुआ जब एसीपी गुरदेव सिंह के एक करीबी दोस्त के पास इस फर्जी अकाउंट से फ्रेंड रिक्वेस्ट पहुंची। दोस्त को आईडी प्रोफाइल और गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत फोन कर एसीपी गुरदेव सिंह को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ने देर रात अपने ऑफिशियल फेसबुक हैंडल से एक पोस्ट साझा कर लोगों को आगाह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी शरारती तत्व ने उनके नाम का दुरुपयोग करते हुए यह फर्जी आईडी बनाई है और लोगों को जाल में फंसाने के लिए फ्रेंड रिक्वेस्ट भेज रहा है।

एसीपी गुरदेव सिंह ने अपनी पोस्ट के जरिए जनता और अपने शुभचिंतकों से अपील की है कि वे इस फर्जी आईडी से आने वाली किसी भी रिक्वेस्ट को स्वीकार न करें और न ही उसे फॉलो करें। उन्होंने अंदेशा जताया है कि यह किसी बड़े साइबर फ्रॉड की साजिश हो सकती है, जिसमें फ्रेंड लिस्ट में शामिल करने के बाद ठग पैसों की मांग कर सकते हैं या अन्य तरीके से नुकसान पहुंचा सकते हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि फर्जी आईडी बनाने वाले इन शातिर अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com