हिंदू धर्म में शुक्रवार का दिन धन, सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य की देवी मां लक्ष्मी को समर्पित माना जाता है। इस दिन घरों में देवी लक्ष्मी की विशेष पूजा करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा करने और उन्हें उनकी प्रिय वस्तुएं अर्पित करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही, आर्थिक समस्याओं से राहत मिलती है। तो चलिए जानते हैं कि शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी को कौन-सी चीजें अर्पित करना सबसे शुभ माना जाता है।
कमल का फूल
मां लक्ष्मी का सबसे प्रिय फूल कमल माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यही देवी लक्ष्मी का निवास स्थान होता है। साथ ही, यह फूल श्री हरि विष्णु भगवान को भी बहुत प्रिय हैं। शुक्रवार के दिन पूजा के समय मां लक्ष्मी को ताजा कमल का फूल अर्पित करने से वे प्रसन्न होती हैं। यदि कमल का फूल उपलब्ध न हो, तो उसकी जगह गुलाबी रंग कोई भी अन्य सुगंधित फूल भी चढ़ाया जा सकता है।
खीर का भोग
देवी लक्ष्मी को साधारण दूध से बनी चावल की खीर पसंद है। कोई जातक यदि शुक्रवार की पूजा में खीर का भोग अर्पित करता है, तो देवी लक्ष्मी उससे बहुत अधिक प्रसन्न हो जाती हैं। देवी लक्ष्मी का यही प्रसाद फिर परिवार के सदस्यों में बांट देना चाहिए। इससे घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है।
कौड़ी
हिंदू धर्म में कौड़ी को धन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। देवी लक्ष्मी को यह अति प्रिय है। शुक्रवार के दिन पूजा में मां लक्ष्मी को 2 कौड़ी अर्पित करने की परंपरा रही है। जब देवी लक्ष्मी की पूजा खत्म हो जाए, तो इन कौड़ियों को तिजोरी या उस स्थान पर रखें, जहां आप अपना धन रखती हैं। ऐसा करने से आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आता है।
हल्दी या उसकी गांठ
हिंदू धर्म में हल्दी को शुभता और मंगल का प्रतीक माना जाता है। शुक्रवार के दिन मां लक्ष्मी को हल्दी या उसकी गांठ जरूर अर्पित करनी चाहिए। ऐसा करने से देवी लक्ष्मी के साथ-साथ बृहस्पति ग्रह भी मजबूत होता है। यह उपाय घर में धन और सौभाग्य लेकर आता है।
इत्र या सुगंधित वस्तुएं
मां लक्ष्मी की पूजा में सुगंध का भी विशेष महत्व माना गया है। शुक्रवार को पूजा के दौरान इत्र, चंदन या अन्य सुगंधित वस्तुएं अर्पित करने की परंपरा है। मान्यता है कि इससे पूजा का वातावरण पवित्र और सकारात्मक बनता है तथा मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त होती है।
अत: यह सारी वस्तुएं देवी लक्ष्मी को अति प्रिय हैं, इन्हें हर शुक्रवार को उन्हें अर्पित करने से बहुत अच्छे फल प्राप्त होते हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal