डीडीए की ओर से बुधवार शाम को वासुदेव घाट पर दिल्ली दीपोत्सव का आयोजन होगा। यह आयोजन देव दीपावली, गुरु पर्व और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस समारोह में उपराज्यपाल वी.के सक्सेना शामिल होंगे, जो इस अवसर पर यमुना आरती भी करेंगे। यह कार्यक्रम कश्मीरी गेट -आईएसबीटी के पास पुनर्विकसित वासुदेव घाट पर मनाया जाएगा।
इस आयोजन में 3,50,000 से अधिक दिये जलाए जाएंगे। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए रहवासी, विद्यार्थी और कलाकार भाग लेंगे। कार्यक्रम में एक भव्य ड्रोन और लेजर शो भी आयोजित किया जाएगा। साथ ही, वासुदेव घाट पर स्थित ‘बारादरी’ में भव्य राम दरबार का मंचन किया जाएगा।
उपराज्यपाल द्वारा मार्च 2024 में उद्घाटित वासुदेव घाट, यमुना नदी के बाढ़ क्षेत्र के पुनरुद्धार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य शहर के लोगों को नदी के समीप लाना और उन्हें नदी की सफाई में भागीदार बनाना है। दिल्ली दीपोत्सव आध्यात्मिकता और पर्यावरणीय स्थिरता के संगम को प्रदर्शित करेगा।
वासुदेव घाट भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करता है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लाई गई मूर्तियां और कलाकृतियां शामिल हैं।
इस वर्ष की शुरुआत से घाट पर आयोजित होने वाली भव्य यमुना आरती, जो प्रति सप्ताह दो बार होती है, अब एक आकर्षक ड्रोन शो के साथ और भी भव्य बन जाएगी। जो आध्यात्मिक वातावरण को और भी दिव्यं करेगी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal