IPL 2027 में कौन होगा कोलकाता नाइटराइडर्स का कप्‍तान?

भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि आईपीएल 2027 में कोलकाता नाइटराइडर्स की कप्‍तानी रिंकू सिंह करते हुए नजर आएंगे। पठान ने साफ तौर पर कहा कि केकेआर के पास लीडरशिप के रूप में ज्‍यादा विकल्‍प नहीं हैं और ऐसे में रिंकू सर्वश्रेष्‍ठ विकल्‍प नजर आते हैं।

पठान ने जियो स्‍टार से बातचीत में कहा, ‘रिंकू सिंह को कप्‍तान बनाए जाने के बारे में काफी बातें हो रही हैं। लीडरशिप की बात करें तो केकेआर के पास ज्‍यादा विकल्‍प नहीं हैं। रिंकू ही सर्वश्रेष्‍ठ विकल्‍प नजर आ रहे हैं। हो सकता है कि नीलामी में केकेआर अपने कप्‍तान की खोज पूरी करे। अगर ऐसा हुआ तो एकमात्र खिलाड़ी का नाम दिमाग में आता है, वो है शाई होप। होप ने हाल ही में भारत में सीरीज खेली और शानदार प्रदर्शन किया।’

पठान ने कहा, ‘नीलामी में बेशक केकेआर की टीम कप्‍तान की खोज पूरी कर सकती है, लेकिन जिस तरह फ्रेंचाइजी का टीम प्रबंधन काम करता है, मुझे लगता है कि रिंकू सिंह कोलकाता नाइटराइडर्स के नए कप्‍तान बनेंगे। टीम ने जिन खिलाड़‍ियों को रीलिज किया है, उसमें कोई हैरान करने वाला फैसला नहीं लगा।’

रघुवंशी पर बड़ी जिम्‍मेदारी
इरफान पठान ने कहा कि अंगरिक्ष रघुवंशी के पास आगामी सीजन में अपनी छाप छोड़ने का शानदार मौका होगा। पूर्व ऑलराउंडर ने कहा, ‘अजिंक्‍य रहाणे केकेआर के साथ नहीं है, जिससे रघुवंशी को पारी की शुरुआत करने की जिम्‍मेदारी मिलेगी। कई मायनों में रघुवंशी के लिए अच्‍छी बात है।’

उन्‍होंने आगे कहा, ‘हर्षित राणा भी अपनी फिटनेस हासिल रहे हैं तो आपको केकेआर की गेंदबाजी में भी दम दिखेगा। अगर केकेआर के पास अच्‍छा लीडर हुआ तो आगामी सीजन में वो बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।’

मुकुंद की सोच अलग
भारतीय टीम के पूर्व बल्‍लेबाज अभिनव मुकुंद ने बताया कि केकेआर को कुछ विभागों में सुधार की जरुरत है। उन्‍होंने कहा, ‘कोलकाता नाइटराइडर्स को कुछ विभागों में सुधार की जरूरत है। पिछले साल केकेआर के कई खिलाड़ी चोटिल थे ओर इस बारे वो फिट होकर लौटेंगे। केकेआर को वैभव अरोड़ा और सौरभ दुबे के रूप में अच्‍छे खिलाड़ी मिले हैं। तो टीम के पास गेंदबाजी विकल्‍प अच्‍छे हैं। स्पिनर्स की भी समस्‍या नहीं है।’

देखना दिलचस्‍प होगा कि इरफान पठान और अभिनव मुकुंद की रिंकू सिंह को लेकर भविष्‍यवाणी सही निकलती है कि नहीं। केकेआर के हेड कोच अभिषेक नायर नीलामी के बाद और सीजन की शुरुआत से पहले कोई फैसला लेकर फैंस को हैरान तो नहीं करेंगे। इस पर भी नजरें टिकी रहेंगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com