लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच दिल्ली भाजपा में बदलाव की सुगबुगाहट है। प्रदेश नेतृत्व द्वारा संगठन में कुछ नए चेहरों को शामिल कर चुनावी अभियान को धार देने की योजना है। इसके लिए योग्य चेहरों की तलाश चल रही है। कुछ दिनों में इनके नाम सामने आ सकते हैं। यह बदलाव प्रदेश की मुख्य टीम के अलावा मोर्चे, जिला व मंडल स्तर पर भी देखने को मिल सकता है। विशेष बात कि युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के मुखिया तक बदले जा सकते हैं।
बता दें कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पिछले माह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दिल्ली के नेताओं के साथ लंबी बैठक की थी, जिसमें संगठन को दुरुस्त करने की हिदायत दी गई थी। इसलिए संगठन में फेरबदल के साथ ही खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 25 जुलाई तक यह बदलाव पूरा कर लिया जाना है।इस बदलाव में उन नेताओं पर गाज गिरना तय माना जा रहा है जिनके पास एक से अधिक दायित्व हैं। इस स्थिति में प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश को अपना पद छोड़ना पड़ सकता है। वह निगम पार्षद के साथ ही दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य भी हैं। वहीं, कुलवंत सिंह बाठ के इस्तीफे के बाद से रिक्त उपाध्यक्ष का पद भी भरा जाना है। उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश उत्सव पर आरएसएस से संबंधित सिख संगत की ओर से आयोजित कार्यक्रम के विरोध में भाजपा से नाता तोड़ लिया था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal