मेरठ, मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के दबथुवा में शनिवार को कुश्ती की गोल्डन गर्ल बबीता फोगाट और भाजपा प्रत्याशी मनिंदरपाल की पत्नी जनसंपर्क को पहुंची थी। तभी कुछ लोग रालोद के झंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। भाजपाइयों का आरोप है कि इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें चार मामूली घायल हो गए। इसमें एक के मुंह पर भी चोट है। इसके बाद वह थाने पहुंचे। जहां, पुलिस ने एक का सीएचसी में उपचार करवाया। वहीं एसपी देहात का कहना है कि फायरिंग जैसा कोई मामला नहीं है, घटना की जांच की जा रही है।

यह है मामला
सिवालखास विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मनिंदरपाल सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। शनिवार को दबथुवा में जनसंपर्क के लिए कुश्ती की गोल्डन गर्ल बबीता फोगाट व प्रत्याशी की पत्नी सिंपल सिंह पहुंची थी। भाजपा नेता अनिल चौधरी ने बताया कि गांव में जनसंपर्क पूरा हो गया था। दो चार ही घर रह गए थे। जब वह भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सतेंद्र चौधरी के घर पहुंची। आरोप है कि तभी सपा-रालोद गठबंधन के कार्यकर्ता हाथ में झंडे लेकर पहुंच गए और जबरन घर में घुसकर विरोध करने लगे। इसके बाद उनसे जाने का कहा तो आरोपितों ने गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। साथ ही आरोपितों ने फायरिंग भी की। हालांकि, गोली किसी के नहीं लगी। इस दौरान सतेंद्र चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के महामंत्री सचिन पंघाल, रौनक चौधरी व भूरा सहित कई महिला भी घायल हो गई। इसके बाद वह थाने पहुंचे और पुलिस ने सतेंद्र का सीएचसी में उपचार करवाया।
बबीता बोलीं महिलाओं से की अभद्रता
वहीं बबीता फोगाट ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान केवल महिलाएं थी। आरोप लगाया कि आरएलडी के कार्यकर्ताओं ने महिलाओं से अभद्रता की है। इस दौरान कुछ महिला भी मामूली घायल हुई है। आरोपितों ने गाड़ी के ऊपर भी डंडे मारे है। एक डंड मेरी गाड़ी पर भी मारा गया। मेरा ड्राइवर बच गया है। मेरे सामने फायरिंग नहीं हुई है। बाद में हुई हो तो पता नहीं। गांव के ग्रामीण ही तहरीर दे रहे हैं।
इनका कहना है
फायरिंग जैसा कोई मामला नहीं है। कोई फुटेज भी सामने नहीं आई है। केवल एक आदमी के नाक पर खरोच आई है। उसके मेडिकल करवाया जा रहा है। अगर तहरीर नहीं आती है तो पुलिस अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कर जांच के बाद कार्रवाई करेगी।
– केशव कुमार, एसपी देहात, मेरठ
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal