मौसम विभाग ने 23 अक्टूबर के लिए कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में रात से ही बारिश हो रही है और आगे भी अति भारी बारिश की आशंका है। वहीं, आज से उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी मौसम बदलने वाला है। दिल्ली समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मदुरै में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर में भीषण जलभराव देखा गया। कई घरों में पानी भर गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। शहर के सेल्लूर इलाके से दृश्य। मदुरै नगर निगम आयुक्त गौरव कुमार, विधायक ए. कल्लनई के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे पूर्वी और दक्षिणी भारत में तूफानी हवाएं चलने की संभावना है। अंडमान सागर के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है।
11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
यूपी, दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, ओडिशा, झारखंड और तेलंगाना में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट है।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत
दिल्ली में 23 अक्टूबर को बारिश और सतही हवाओं का अलर्ट है। अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिहार के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गया, पटना, मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी है।
पहाड़ी राज्यों में अलर्ट
उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार, चमोली समेत कई जिलों में भारी बारिश और 60-65 किमी प्रति घंटे की हवाओं का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के मंडी, कुल्लू, कांगड़ा आदि में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी मध्यम बारिश और आंधी का अलर्ट जारी है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal