माहिम में बांद्रा वर्ली सी-लिंक के पास अरब सागर में एक नाव डूब गयी। इस नाव को तैरते रेस्तरां में तब्दील किया गया था। हालांकि इसमें सवार 15 लोगों को बचा लिया गया है।
आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बांद्रा वर्ली सी-लिंक से गुजर रहे एक व्यक्ति ने शाम करीब 6.20 बजे फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी थी। इसके बाद तुरंत यह संदेश बांद्रा पुलिस के साथ-साथ तटीय पुलिस को भेज दिया गया। बांद्रा पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘आर्ट’ नामक कंपनी की इस नौका से 15 लोगों को बचाया गया है। हालांकि, तटरक्षक दल के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें इस घटना के बारे में कोई एसओएस नहीं मिला।
मुंबई भाजपा के महासचिव विवेकानंद गुप्ता ने आरोप लगाया कि तैरता हुआ रेस्तरां दरअसल एक मछली पकड़ने वाली नौका थी, जिसे गैरकानूनी रूप से पार्टी करने वाली नौका में तब्दील कर दिया गया था। उन्होंने इस तैरते रेस्तरां का संचालन करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग की।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal