महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कल रविवार को बारिश की भारी तबाही के बाद मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि शनिवार से लगातार जारी बारिश के चलते महानगर में लैंडस्लाइड और दीवार गिरने की अलग- अलग दुर्घटनाओं में अब तक 31 लोगों की मौत हो गई है। इस बीच महाराष्ट्र के नवी मुंबई में खारघर पुलिस ने रविवार शाम दमकल अधिकारियों के साथ, एक नाले को पार कर खारघर पहाड़ियों पर गईं 78 महिलाओं और 5 बच्चों सहित 116 लोगों को बचाया।

पहाड़ियों में फंसे थे मौज मस्ती करने गए लोग
इस क्षेत्र में दोपहर में लगातार बारिश के कारण नाला उफान पर आ गया था और मौज मस्ती के लिए पहाड़ियों में गए लोग फंस गए थे। पुलिस और दमकल अधिकारियों ने लोहे की सीढ़ी और प्लास्टिक की रस्सी की मदद से सभी लोगों को बचाकर निकाला। पुलिस ने बताया कि रविवार शाम पांच बजे के बाद बचाव अभियान शुरू हुआ और यह दो घंटे तक चला।
खारघर पहाड़ियों में प्रवेश पर पहले से रोक
पिछले कुछ वर्षों में हुई कई दुर्घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने जून में खारघर पहाड़ियों और पांडवकाडा वाटरफाल में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। निरीक्षक शत्रुघ्न माली ने कहा, “ये लोग नवी मुंबई और मुंबई के विभिन्न स्थानों से थे। वे दिन में पहले नदी पार करके पहाड़ियों पर गए थे और रविवार होने की वजह से वहां घूम रहे थे। हालांकि, भारी वर्षा के कारण नदी उफान पर आ गई और उनका वापस लौटना असंभव हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर हम दमकल अधिकारियों के साथ वहां पहुंचे और सभी लोगों को बचाया। बचाव अभियान में किसी को चोट नहीं आई।’
उन्होंने आगे बताया कि “हमने अधिकारियों को तैनात किया है ताकि फिलहाल कोई भी पहाड़ियों में प्रवेश न कर सके। हालांकि, पहाड़ियाँ खारघर में एक बड़े क्षेत्र को कवर करती हैं, और हमारे छह से सात अधिकारी पूरे क्षेत्र को निगरानी में रखने के लिए काफी नहीं हैं। रविवार को, हमने अवैध रूप से पहाड़ियों में प्रवेश करने के लिए बचाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, क्योंकि वे सभी डरे हुए थे। लेकिन हम अब से किसी को नहीं बख्शेंगे।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal