बूथ सम्मेलन के बाद भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करके उन्हें चुनाव प्रबंधन की बारीकियां सिखा रहे हैं।

उन्होंने शुक्रवार को त्रिनगर, वजीरपुर, सदर, तिमारपुर एवं बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और जीत का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि देश में सिर्फ भाजपा ही ऐसा दल है, जिसके पास बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता हैं। इनके दम पर ही भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि सभी राजनीतिक दल अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने के मामले में राजनीति करते रहे हैं। कांग्रेस की सरकार ने 15 सालों तक, फिर आम आदमी पार्टी ने पांच सालों तक इस मामले को लेकर लोगों को गुमराह किया। मोदी सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल के 100 दिनों के अंदर ही यह काम कर दिया।
केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि दिल्ली सरकार पिछले पांच सालों में जनहित का कोई काम नहीं किया। वह केंद्र की मोदी सरकार की योजनाओं से दिल्ली के लोगों को वंचित रख रही है। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने मोदी का काम और केजरीवाल को पांच सालों तक सिर्फ आरोप लगाते देखा है। बैठक में जिला अध्यक्ष रोशन कंसल, अजय महावर, अरविंद गर्ग उपस्थित थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal