नई दिल्ली : कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाने वाली बरखा शुक्ला सिंह को कांग्रेस ने पार्टी से 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है. उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बाहर का रास्ता दिखा दिया गया.
बता दें कि गुरुवार को बरखा सिंह ने अजय माकन पर बदतमीजी करने और राहुल गांधी को पार्टी का नेतृत्व करने के लिए मानसिक रूप से अनुपयुक्त करार दिया था तभी से उन्हें पार्टी से निकाले जाने के कयास लगाए जा रहे थे. बरखा ने गुरुवार को दिल्ली महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलने बाद बरखा सिंह की बर्खास्तगी तय थी. इस कड़ी में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने बैठक की सर्वसम्मति से बरखा सिंह को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित करने का निर्णय लिया. दिल्ली नगर निगम चुनाव से ठीक पहले उन पर पार्टी विरोधी काम करने का आरोप लगाया गया, जबकि गुरुवार को पार्टी की वफादार सैनिक होने का दावा करते हुए उन्होंने कांग्रेस छोड़ने से इंकार किया था. बरखा ने कहा था मैं कांग्रेस नहीं छोडूंगी और पार्टी के भीतर अपनी लड़ाई जारी रखूंगी.
गौरतलब है कि बरखा सिंह ने दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर कई तरह के आरोप भी लगाए थे .बरखा ने कहा था कि अगर राहुल गांधी से पार्टी नहीं संभल रही तो वह छोड़ दें. यही नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि राहुल मानसिक रूप से इस पद के लिए उपयुक्त नहीं हैं. बरखा ने अजय माकन पर महिला कार्यकर्ताओं से बदतमीजी करने के भी आरोप लगाए थे.
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal