पृथ्वी शॉ का इंतजार होगा खत्म, कोलकाता के खिलाफ दिखाएंगे दम!

एक समय भारत का भविष्य माने जाने वाले और दिल्ली कैपिटल्स का अभिन्न अंग पृथ्वी शॉ इस समय नदारद हैं। वह आईपीएल-2026 में दिल्ली टीम का हिस्सा हैं, लेकिन अभी तक उनको एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। आज दिल्ली को अपने घर अरुण जेटली स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उतरना है और सवाल ये है कि क्या लड़खड़ाती दिल्ली इस युवा बल्लेबाज को मौका देगी?

पृथ्वी शॉ को पिछले सीजन में खरीदार नहीं मिला था। इस सीजन हुई नीलामी में पहले दौर में वह बिके नहीं थे। फिर दिल्ली ने उन्हें नीलामी के अंत में अपने साथ जोड़ा। हालांकि, अभी तक शॉ बेंच पर ही हैं और अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

दिल्ली का हालत खराब

दिल्ली का स्थिति देखी जाए तो वह गणित के हिसाब से प्लेऑफ की रेस से बाहर नहीं हुई है, लेकिन उसका प्रदर्शन और बाकी की टीमों की स्थिति को देखते हुए दिल्ली का अंतिम-4 में जगह बनाना मुश्किल दिख रहा है। वह 10 मैचों में चार जीत और छह हार के साथ आठ अंक लेकर सातवें स्थान पर है। ऐसे में सवाल ये है कि इस स्थिति में क्या फ्रेंचाइजी पृथ्वी को मौका देगी?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ खेले गए मैच में दिल्ली ने अभिषेक पोरेल को मौका दिया था। यहां सवाल उठे थे कि पोरेल से बेहतर विकल्प पृथ्वी शॉ हो सकते थे। शॉ की आक्रामक बल्लेबाजी किसी भी टीम को परेशान कर सकती हैं और वह टी20 में टीम के लिए वो टेम्पो सेट कर सकते हैं जिसकी जरूरत टीम को होती है।

निसंका और राहुल की जोड़ी असरदार

दिल्ली की ओपनिंग का जिम्मा केएल राहुल और पाथुम निसंका ने संभाला है और दोनों ने अभी तक अच्छा किया है। राहुल को बाहर करना नामुमकिन है अगर उनको चोट न लगे तो। कुछ यही बात निसंका पर भी लागू होती है। वहीं दिल्ली की स्थिति देखी जाए तो उसे प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए अब हर मैच जीतना होगा। इस स्थिति में टीम कोई प्रयोग नहीं करना चाहेगी।

पृथ्वी शॉ शानदार बल्लेबाज हैं और उनके अंदर प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन निरंतरता के मामले में पृथ्वी पीछे रहते हैं। उन पर भरोसा करना टीम के लिए मुश्किल हो सकता है और संभवतः इसी कारण वह अभी तक बेंच पर हैं। अब जब टीम के लिए हर मैच करो या मरो है तो ऐसे में पृथ्वी आज के मैच में प्लेइंग-11 का हिस्सा हों इसकी संभावना नहीं लग रही है। अगर दिल्ली प्लेऑफ की रेस से पूरी तरह से बाहर हो जाती है तो फिर पृथ्वी को मौका मिल सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com