कई बार पूजा के नियमों के लेकर ऐसे सवाल आते हैं जिसके बारे में सही जानकारी होनी जरूरी है। ऐसा ही एक प्रश्न है पूजा के समय पत्नी को पति के किसी तरफ बैठना चाहिए।
यदि हम शास्त्रों की मानें तो पत्नी को वामांगी कहा जाता है जिसका मतलब है कि पुरुषों का बायां हिस्सा स्त्रियों के लिए होता है, लेकिन जब बात धार्मिक कार्यों और पूजा-पाठ की आती है तो पत्नी को हमेशा दाहिनी तरफ बैठने के लिए कहा जाता है।
शास्त्रों में कहा जाता है कि कन्या दान के समय, बड़े यज्ञ के समय और पूजा के समय पत्नी को हमेशा दाहिनी ओर ही बैठना चाहिए और इसे ही धर्म के अनुरूप माना गया है।
पति और पत्नी के बैठने की दिशा और स्थान को अलग तरीकों से निर्धारित किया गया है और उसका अलग महत्व भी अलग तरीके से बताया गया है। आइए आपको बताते हैं इसके धार्मिक कारणों के बारे में।
पूजा के समय पत्नी को पति के किस तरफ बैठना चाहिए?
सभी धार्मिक कार्यों जैसे पूजा-पाठ में पत्नी को हमेशा पति दाहिनी तरफ ही बैठना चाहिए। वहीं पूजा के समापन के बाद और किसी कथा आदि के समापन पर पत्नी को पति के बाईं ओर ही आ जाना चाहिए। पूजा में बैठने के स्थान को लेकर सनातन धर्म के प्रसिद्ध कर्मकांड ग्रंथ ‘संस्कार गणपति’ में एक श्लोक भी है-
यज्ञे होमे व्रते दाने स्नान पूजादि कर्मणि। देवयात्रा-विवाहेषु पत्नी दक्षिणतः शुभा।
इस श्लोक का अर्थ या है कि सभी धार्मिक और शुभ कार्यों जैसे हवन, यज्ञ, दान, स्नान, पूजा-पाठ, देव-दर्शन और विवाह की रस्मों के दौरान पत्नी का पति के दाएं यानी कि दक्षिण भाग में बैठना शुभ है।
किन कार्यों में पत्नी को पति के बाईं ओर बैठना चाहिए?
ऐसा माना जाता है कि पूजा और धर्म से जुड़ी कई चीजों के अलावा पत्नी को हमेशा पति के बाईं ओर ही बैठना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि पुरुषों का बायां हिस्सा स्त्री ऊर्जा का प्रतीक है और पत्नी को अर्धांगिनी बताया गया है। गर्ग संहिता में एक श्लोक का वर्णन है-
आशीर्वादेभिषके च पादप्रक्षालने तथा।
शयने भाेजने चैव पत्नी तूत्तरतो भवेत।।
यह श्लोक बताता है कि बड़ों का आशीर्वाद लेते समय, रुद्राभिषेक या अन्य कोई अभिषेक, पैर पूजन, कन्या दान और विवाह में फेरों के बाद पत्नी को पति की बाईं तरफ बैठना चाहिए। यही नहीं सोते समय पत्नी को पति के बाईं ओर ही सोना चाहिए।
पति-पत्नी के पूजा के साथ अन्य धार्मिक कार्यों में बैठने के सही स्थान का महत्व बहुत ज्यादा है और उन्हें इन नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal