आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हाथरस में भाजपा ने संगठन को मजबूत करना शुरू कर दिया। इसी के तहत तहसील सिकंदराराऊ में भाजपा नेत्री कुमारी राबिया को पार्टी नेतृत्व ने अल्पसंख्यक मोर्चा का जिलाध्यक्ष बना कर एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले वह भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुकी हैं।
भाजपा ने 2012 में उन्हें नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ाया था। उनकी नियुक्ति पर समर्थक भी उत्साहित हैं। राजनीति विज्ञान एवं समाजशास्त्र से एमए कुमारी राबिया 1995 में नगर पालिका की सभासद चुनी गई थीं। 1998 में नगर पालिका में कनिष्ठ उपाध्यक्ष चुनी गई। इसके साथ-साथ 2012 में भाजपा उन्हें नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा चुकी है। इस चुनाव में उनको हार का मुंह देखना पड़ा था।
भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष, प्रदेश मंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष रही हैं। महिला मोर्चा में भी जिला महामंत्री एवं भाजपा में भी जिला मंत्री के रूप में काम कर चुकी हैं। खास बात यह है कि भाजपा लोकसभा चुनाव को लेकर कोई कसर बाकी छोड़ना नहीं चाहती है, इसलिए मुस्लिम समुदाय में वोट बैंक को मजबूत करने में लगी हुई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal