चंडीगढ़: आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा शुक्रवार को 30 उम्मीदवारों की सूची घोषित कर दी गई है। AAP की सूची में पंजाब पुलिस के पूर्व अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह का नाम भी शामिल है। सिंह ने 2015 कोटकापुरा और बेहबल कलां गोलीबारी मामलों की जांच में SIT जांच का नेतृत्व किया था। गौरतलब है कि यह AAP द्वारा घोषित प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट है। इससे पहले, पार्टी ने 10 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था और ये सभी मौजूदा विधायक हैं।

AAP ने विजय प्रताप सिंह को अमृतसर उत्तर सीट से चुनाव में उतारा है। उन्होंने इस साल अप्रैल में स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति ले ली थी और बाद में उन्होंने AAP का दामन थाम लिया था। पुलिस महानिरीक्षक के पद पर रहे विजय सिंह ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा 2015 के कोटकापुरा गोलीकांड में विशेष जांच दल (SIT) की जांच रद्द किए जाने के बाद त्यागपत्र दे दिया था। सिंह के अलावा, AAP ने पंजाबी गायक अनमोल गगन मान को खरार सीट से और बलकार सिंह सिद्धू रामपुरा फूल सीट से टिकट दिया है। गत माह कांग्रेस से इस्तीफा देकर AAP में शामिल हुए रमन बहल को गुरदासपुर सीट, जबकि पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री सेवा सिंह सेखवान के पुत्र, जगरूप सिंह सेखवान कादियान सीट से ताल ठोकेंगे। सेवा सिंह सेखवान का अक्टूबर में देहांत हो गया था।
इसके अलावा AAP ने विभूति शर्मा को पठानकोट से, शमशेर सिंह को दीना नगर (आरक्षित- अनुसूचित जाति) से, शैरी कलसी को बटाला से, बलबीर सिंह पन्नू को फतेहगढ़ चूरियां से, इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर दक्षिण से और लालजीत सिंह भुल्लर को पट्टी से चुनावी दंगल में उतारा है। वहीं, बलकार सिंह करतारपुर (आरक्षित), रवजोत सिंह शाम चौरासी (आरक्षित), ललित मोहन नवांशहर और दलजीत सिंह लुधियाना पूर्व से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, AAP ने कुलवंत सिंह सिद्धू को आत्मनगर से, मनविंदर सिंह को पायल (आरक्षित) से, नरेश कटारिया को जीरा से, जगदीप सिंह को मुक्तसर से, गुरदित सिंह सेखों को फरीदकोट से, नीना मित्तल को राजपुरा से, हरमीत सिंह को सनौर से, चेतन सिंह को समाना से, मदन लाल बग्गा को लुधियाना उत्तर से, जीवन सिंह को गिल (आरक्षित) से, गुरमीत सिंह खुदियां को लांबी से, गुरलाल को घनौर से, लाभ सिंह उगोके को भदौर (SC), लाल चंद को भोआ (SC) से और हरभजन सिंह को जंडियाला (SC) विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal