पंजाब पुलिस शुरू करेगी ऑपरेशन प्रहार 2.0, 72 घंटे और 12 हजार जवान संभालेंगे मोर्चा

पंजाब पुलिस ऑपरेशन प्रहार 2.0 शुरू करेगी। यह ऑपरेशन 72 घंटे तक चलेगा। सीनियर अधिकारियों को जिले अलॉट किए गए हैं। ऑपरेशन को लेकर पूरी एसओपी बनाई गई है।

पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ छेड़े गए ऑपरेशन प्रहार का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। पंजाब पुलिस ऑपरेशन प्रहार 2.0 शुरू करेगी। आज से अभियान शुरू होगा। अभियान के दौरान वांटेड क्रिमिनल को पकड़ा जाएगा। 72 घंटे के लिए अभियान जारी रहेगा और 12 हजार पुलिस जवान तैनात रहेंगे।

यह जानकारी पंजाब पुलिस के महानिदेश (डीजीपी) गौरव यादव ने दी है। डीजीपी ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब पुलिस मुख्यालय में इस संबंध में प्रेस वार्ता की है। डीजीपी ने बताया कि अभियान के दौरान सुपरविजन के लिए सीनियर अधिकारियों को तैनात किया जाएगा। कोरर एरिया और थानों में स्टाफ की तैनाती बढ़ाई जाएगी। फील्ड में सीनियर अधिकारियों की विजिट सुनिश्चित की जाएंगी और साथ ही अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय होगी।

अमृतसर में गैंगस्टरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 631 छापों में 269 गिरफ्तार
अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि 20 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक चले विशेष ऑपरेशन के दौरान 631 छापे मारे गए, जिनमें 269 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 9 गैंगस्टरों के साथी, 4 गैंगस्टरों के रिश्तेदार और विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल 256 अन्य अपराधी शामिल हैं। इस दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 479 लोगों के खिलाफ प्रिवेंटिव एक्शन भी लिया गया, जिसमें गैंगस्टरों के साथी, रिश्तेदार और अन्य संदिग्ध शामिल हैं।

अभियान के तहत पुलिस ने 19 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। वहीं, अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए 15 ट्रैवल एजेंटों और गन हाउस की भी गहन जांच की गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की गई है। इनमें 21 पिस्तौल, एक बंदूक, 70 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, लगभग 2 किलो 989 ग्राम हेरोइन, 1280 गोलियां, 8 लाख 66 हजार 260 रुपये की ड्रग मनी, 204 ग्राम सोना और 74 बोतल अवैध शराब शामिल हैं। इसके अलावा 32 दोपहिया वाहन, 2 चार पहिया वाहन, एक तिपहिया, 27 मोबाइल फोन और लाठियां, हथौड़े व लोहे की रॉड भी जब्त की गईं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशे और अवैध हथियारों की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए खुफिया जानकारी पर आधारित ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com