शहर में दुष्कर्म पीडि़त एक महिला को न्याय दिलाने नाम पर तीन जनों के गैंगरेप करने और अन्य लोगों से भी जबरन शारीरिक संबंध बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपितों ने उसकी अश्लील वीडियो क्लिप बनाकर लंबे समय तक शोषण किया और मकान भी हड़पकर आगे किसी को बेच दिया।
महिला थाना पुलिस के अनुसार हाउसिंग बोर्ड निवासी तीस वर्षीया एक पीडि़ता ने छह दिसंबर को पुलिस अधीक्षक को परिवाद दिया था। इस पर मामला दर्ज किया गया है। इसमें पीडि़ता ने आरोप लगाया है कि उसे रुपयों की जरूरत थी। उसने मकान के कागजात रखकर सवा दो लाख रुपए ब्याज पर लिए। ब्याज अधिक होने के कारण उसने पड़ोसी से संपर्क किया। पड़ोसी ने उसे शंकर कॉलोनी निवासी आेमप्रकाश उर्फ बिट्टू उर्फ लंगड़ा से मिलवाया। बिट्टू को उसने कागजात दे दिए। अक्टूबर 2015 ने बिट्टू ने उसे सवा दो लाख रुपए दिए और स्टाम्प व खाली कागजों पर साइन करवा लिए। उसने ब्याज भी अदा किया।
इस दौरान बिट्टू उसके घर आने-जाने लगा। बिट्टू ने उसकी ओर से पूर्व में देवेंद्र गल्होत्रा के खिलाफ दर्ज करवाए दुष्कर्म के मामले में जानकारी ली। बिट्टू ने न्याय दिलाने के नाम पर उसे महिला थाने में महेंद्र बागड़ी व हरनेक सिंह जोशन से मिलवाया। बिट्टू ने उससे कहा कि महेन्द्र बागड़ी श्रमिक नेता और हरनेक सिंह पत्रकार है व ये उसे सरकारी योजनाओं में लाभ दिलवाएंगे। इसके बाद तीनों आरोपित उसे थाना, कचहरी आदि स्थानों पर ले जाते रहे। मई 2016 को बिट्टू, बागड़ी व जोशन को उसके घर आए और कहा कि उसे देवेन्द्र गल्होत्रा के परिवार से खतरा है। तीनों उसे हरनेक सिंह के होमलैण्ड स्थित मकान में ले गए।
परिवाद के अनुसार आरोपितों ने उसे डरा धमकाकर मकान मालिक के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया। इसके बाद बिट्टू ने उससे दुष्कर्म किया और धमकी दी। बिट्टू ने उससे कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद जोशन ने उसकी अश्लील वीडियो क्लिप बना ली और इसका भय दिखाकर बलात्कार किया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal