इन दिनों शारदीय नवरात्र के शुभ दिन चल रहे हैं। अगर आपका भी मन व्रत में अक्सर कुछ चटपटा और अलग खाने का मन करता है, खासकर अगर आप मोमोज के शौकीन हैं, तो यह आर्टिकल खास आपके लिए है।
जी हां, आपकी इसी क्रेविंग को दूर करने के लिए साबूदाना और पनीर से बने ये फलाहारी मोमोज एकदम सही ऑप्शन हैं। इन्हें बनाना बहुत आसान है और व्रत के दौरान भी आप अपने पसंदीदा स्नैक का मजा ले सकते हैं।
साबूदाना मोमोज बनाने के लिए सामग्री
आटे के लिए:
1 कप साबूदाना
1 उबला हुआ आलू
आधा चम्मच सेंधा नमक
1 चम्मच तेल या घी
स्टफिंग के लिए:
1 कप कद्दूकस किया हुआ पनीर
1 बारीक कटी हरी मिर्च
आधा इंच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
आधा चम्मच काली मिर्च पाउडर
स्वादानुसार सेंधा नमक
साबूदाना मोमोज बनाने की विधि
सबसे पहले साबूदाने को मिक्सर में पीसकर उसका बारीक पाउडर बना लें। अब एक बर्तन में साबूदाने का पाउडर लें और उसमें उबला हुआ आलू अच्छी तरह मैश करके मिला लें। थोड़ा सा सेंधा नमक और गुनगुना पानी डालते हुए मुलायम आटा गूंध लें। इसे 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि साबूदाना अच्छे से फूल जाए।
एक बाउल में कद्दूकस किया हुआ पनीर, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, काली मिर्च और सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। आपकी चटपटी स्टफिंग तैयार है।
साबूदाने के आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। इन्हें हाथों या बेलन की मदद से पूरी के आकार में फैला लें। अगर बेलने में दिक्कत हो तो प्लास्टिक शीट का इस्तेमाल कर सकते हैं। बीच में एक चम्मच पनीर की स्टफिंग रखें और किनारों को एक साथ लाते हुए मोमोज का आकार दें।
एक स्टीमर या मोमोज वाले बर्तन में पानी गर्म करें। स्टीमर की प्लेट को थोड़े से घी से ग्रीस कर लें और सभी मोमोज को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रख दें। इन्हें 10 से 12 मिनट तक भाप में पकने दें। जब साबूदाने की परत हल्की पारदर्शी दिखने लगे, तो समझ जाएं कि मोमोज पक चुके हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal