नई दिल्ली: लव मैरिज बेहतर है या फिर अरेंज मैरिज? इसे लेकर बरसों से बहस चली आ रही है, इसके बारे में जजमेंटल तो नहीं हुआ जा सकता, लेकिन यह जरूर कहा जा सकता है कि प्यार को बरकरार रखना और उसे निभाना रिश्तों में सबसे अहम बात है। मध्यप्रदेश के इंदौर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। एक नौजवान और युवती के बीच लॉकडाउन के दौरान दोस्ती होती है, दोनों के बीच प्रेम पनपने लगता है। इसके बाद दोनों अगस्त में शादी कर लेते हैं।

पहले सब कुछ ठीक ठाक चलता है, लेकिन धीरे-धीरे झगड़े होने लगते हैं, अक्टूबर आते-आते दोनों के बीच विवाद की स्थिति बनने लग जाती है। इसके बाद विवाद इतना बढ़ जाता है कि पत्नी की हत्या कर पति खुद थाने में सरेंडर करने पहुंच जाता है। इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र के जावरा कंपाउंड की इस घटना ने पड़ोसियों को आश्चर्य में डाल दिया है। जहां पारिवारिक विवाद के चलते पति ने अपनी नवविवाहित पत्नी की चाकू मार कर हत्या कर दी। पति ने कुत्ते की जंजीर से गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की लेकिन जब वो नाकाम रहा तो किचन से चाकू निकालकर 22 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पति खुद ही संयोगितागंज थाने पहुंच गया।
अंशु के परिजन उसके पति और ससुराल वालों पर आरोप लगा रहे हैं और ये भी कह रहे हैं कि पुलिस ससुराल वालों के दबाव में आकर ठीक से कार्रवाई नहीं कर रही है।
मूलतः कालिंदी गोल्ड में रहने वाली अंशु शादी के एक माह पहले तक आरोपी पति हर्ष शर्मा की कंपनी में काम करती थी। इसी दौरान दोनों में प्यार हो गया और अगस्त माह में दोनों ने आर्य समाज के मंदिर में शादी कर ली। वो जावरा कंपाउंड में स्थित हर्ष शर्मा के घर में रहने लगी थी।
बीती रात अंशु और हर्ष ने पार्टी की। उसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि हर्ष ने कुत्ते बांधने की जंजीर से अंशु का गला घोंटा और घर में रखे चाकू से हमला कर दिया। हर्ष ने ही इसके बाद पलासिया क्षेत्र में रहने वाले अपने पिता को फोन कर वारदात की जानकारी दी। उसके पिता जावरा कंपाउंड पहुंचे और आरोपित बेटे को लेकर थाने गए। देर रात तक पुलिस अधिकारियों ने आरोपित हर्ष शर्मा से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि वह पत्नी पर शक करता था, उसी के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।
उसके पति हर्ष ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि अंशु अक्सर फोन पर किसी से बात किया करती थी, इससे वह नाराज रहता था। उसने पूछताछ की तो अंशु इस सवाल को टाल जाती थी। कल रात हर्ष नशे की हालत में था। अंशु से उसका इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद ऐसा बढ़ा कि हर्ष ने अंशु को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार, अंशु को 1 माह का गर्भ था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal