देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित पीएम बने नरेंद्र मोदी

वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी है।

उन्होंने मोदी के परिवर्तनकारी शासन की जमकर सराहना की है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने एक पत्र के माध्यम से इस उपलब्धि को भारत की लोकतांत्रिक परिपक्वता और जनता के मोदी सरकार में निरंतर विश्वास का प्रतीक बताया।

जागरण ब्यूरो के अनुसार, दिसानायके ने लिखा -” भारत गणराज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर सरकार और श्रीलंका की जनता की ओर से हार्दिक बधाई। यह उपलब्धि न केवल आपके कार्यकाल की लंबाई, बल्कि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की जनता द्वारा आपके नेतृत्व में बार-बार रखे गए विश्वास का प्रमाण है।”

उन्होंने आगे कहा कि इतने विशाल, विविध और गतिशील लोकतंत्र में लगातार चुनावों में जनादेश हासिल करना उल्लेखनीय है। इससे न केवल शासन की उत्कृष्ट क्षमता, बल्कि आम लोगों के जीवन में ठोस सुधार लाने और चुनौतियों के बीच भी जन-विश्वास बनाए रखने की क्षमता झलकती है। दिसानायके ने मोदी सरकार के तीन कार्यकालों में भारत के आर्थिक और सामाजिक रूपांतरण की सराहना की।

उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे, वित्तीय समावेशन, डिजिटल कनेक्टिविटी, सार्वजनिक सेवाओं और आर्थिक अवसरों में सुधारों से करोड़ों भारतीय लाभान्वित हुए हैं। भारत अब विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है और क्षेत्रीय व वैश्विक मामलों में प्रभावशाली आवाज बन गया है। उन्होंने कहा कि मोदी का दृष्टिकोण श्रीलंका सहित कई देशों को प्रेरिेत करता है।

प्रेट्र के अनुसार, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने एक व्यक्तिगत वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री मोदी को “एक रोल माडल और लीडरशिप का उदाहरण” बताया।

उन्होंने कहा- “20 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से निकालकर सामान्य जनजीवन में लाना एक अद्भुत उपलब्धि है।” उन्होंने भारत से द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की इच्छा जताई।

एएनआई के अनुसार, त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने भी मोदी को यह कहते हुए बधाई दी कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक मामलों में एक प्रमुख आवाज के रूप में उभरा है।

उन्होंने कहा कि एक साधारण शुरुआत से लेकर 1.40 अरब लोगों के राष्ट्र का नेतृत्व करना वाकई कमाल की बात है। उन्होंने मोदी के कार्यकाल में भारत की विदेश नीति, बुनियादी ढांचे और सामाजिक-आर्थिक विकास को सराहा।

इस बीच विदेश मंत्रालय ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति में “असाधारण परिवर्तन” आया है। पिछले 12 वर्षों में भारत की कूटनीतिक पहुंच ने “ब्रांड इंडिया” और वैश्विक मंच पर देश की स्थिति को मजबूत किया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com