देश के सबसे बड़े सूबे यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर हर पार्टी की नजर..

लोकसभा चुनाव 2024 के ल‍िए मैदान तैयार है और पार्ट‍ियों ने अपने-अपने दांव चलने शुरु कर द‍िए हैं। ऐसे में देश के सबसे बड़े सूबे यूपी की 80 लोकसभा सीटों पर हर पार्टी की नजर है।

 अगले वर्ष होने वाले लोक सभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने गुरुवार को भाजपा के लखनऊ महानगर कार्यकर्ताओं को बूथ सशक्तीकरण का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि बूथ समिति की संरचना सामाजिक दृष्टि से सर्वस्पर्शी और समावेशी होनी चाहिए। तभी बूथ समिति प्रभावकारी सिद्ध होगी।

भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के तहत लखनऊ के डालीगंज क्षेत्र की उमराव सिंह धर्मशाला में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन बैठक में उन्होंने पार्टी के मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान का जिक्र किया और कहा कि बूथ जीतकर ही चुनाव जीता जा सकता है। बूथ ही चुनाव में विजय का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने बूथ समिति में क्षेत्र की सभी प्रमुख जातियों के कार्यकर्ताओं के साथ महिला सदस्यों को शामिल करने की वकालत की। कहा कि बूथ का ढांचा सर्वस्पर्शी होना चाहिए।

मजबूत और प्रभावी बूथ संरचना से चुनाव में हम बड़े लक्ष्य हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनथक परिश्रम करने और पार्टी की विचारधारा तथा मोदी-योगी सरकारों की उपलब्धियों व साहसिक निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं के साथ सहभोज के दौरान उन्होंने मोदी सरकार के नौ वर्षों के सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित कार्यों की चर्चा की। बैठक में मौजूद अवध क्षेत्र के अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने कहा कि भारत में भोजन के दौरान परिवार के वरिष्ठजनों के साथ बैठकर विभिन्न विषयों पर चर्चा करने की परंपरा रही है। उसी विचारधारा के अनुरूप पार्टी के वरिष्ठजनों के साथ निरंतर टिफिन बैठकों का आयोजन रहा है।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि लखनऊ महानगर में महाजनसंपर्क अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता निरंतर घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। मोदी-योगी सरकारों की योजनाओं की चर्चा कर पार्टी के पत्रक जनता तक पहुंचा रहे हैं। शैक्षणिक संस्थाओं में भी संपर्क अभियान प्रारंभ किया जा रहा है जिसमें कार्यकर्ता संस्थाओं के प्रमुखों से संपर्क करने के साथ अध्यापकों, स्टाफ और विद्यार्थियों को मिस्ड काल दिला कर पार्टी से जोडऩे का अभियान चलाएंगे।

इससे पहले भाजपा के संपर्क से समर्थन अभियान के अंतर्गत राधा मोहन सिंह ने डालीगंज क्षेत्र में प्रतिष्ठित व्यवसायी व समाजसेवी आशीष अग्रवाल और डा. आनंद नारायण से मुलाकात की और उन्हें मोदी सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक भेंट की। दोनों से टोल फ्री नंबर 9090902024 पर मिस्ड काल करा कर उन्हें पार्टी से जोड़ा। संपर्क के दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष भी उनके साथ थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com