पूरा देश जलप्रलय जैसे हालात से जूझ रहा है। मूसलाधार बारिश और बाढ़ ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों के घर पानी में बहे जा रहे हैं, तो सड़कें धरती में समा गईं हैं। देशभर में बारिश के कहर ने अबतक 774 लोगों की जिंदगी छीन ली है। बाढ़ से बेहाल केरल के बाद अब उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भी हालात बेकाबू हो गए हैं। गृहमंत्री की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, मानसून के मौसम में बारिश व बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में देश के सात राज्यों में अबतक 774 लोगों की जानें जा चुकी हैं।
हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश समेत देश के 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा भी रोक दी गई है।
मौत का आंकड़ा
गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र (एनइआरसी) के मुताबिक बाढ़ और बारिश के कारण केरल में 187, उत्तर प्रदेश में 171, पश्चिम बंगाल में 170 और महाराष्ट्र में 139 लोगों की जान जा चुकी है। जबकि गुजरात में 52, असम में 45 और नगालैंड में आठ लोगों की मौत हुई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal