इक्वाडोर में अमेरिकी और इक्वाडोरियन सेनाओं ने मिलकर नार्को-आतंकवादियों के खिलाफ सटीक और निर्णायक सैन्य अभियान चलाया। यह जानकारी अमेरिकी साउथर्न कमांड ने साझा की। साउथर्न कमांड के कमांडर जनरल फ्रांसिस एल. डोनोवन के निर्देशन में यह अभियान इक्वाडोरियन सुरक्षा बलों के सहयोग से संपन्न हुआ। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।
जनरल डोनोवन ने कहा “हम अपने साझेदारों के साथ मिलकर नार्को-आतंकवाद के खिलाफ आगे बढ़ रहे हैं। मैं संयुक्त सेनाओं और इक्वाडोरियन सशस्त्र बलों को इस सफल ऑपरेशन के लिए बधाई देता हूं। यह सहयोग और निर्णायक कार्रवाई पश्चिमी गोलार्ध के लिए रणनीतिक सफलता है, जो नार्को-आतंकवाद को रोकने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
राष्ट्रपति और सुरक्षा बलों की सराहना
साउथर्न कमांड के वरिष्ठ प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने इक्वाडोर के राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ और देश की सुरक्षा बलों की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन ने नार्को-आतंकवादी आपूर्ति केंद्रों को बाधित किया और उनके लॉजिस्टिक नेटवर्क को कमजोर किया। पार्नेल ने आगे कहा इक्वाडोर के अनुरोध पर यह अभियान चलाया गया ताकि हमारे साझा उद्देश्य (नार्को-आतंकवादी नेटवर्क को समाप्त करना) को आगे बढ़ाया जा सके। यह कार्रवाई यह संदेश देती है कि नार्को-आतंकवादी हमारे क्षेत्र में पनाह नहीं पाएंगे। अमेरिका उन देशों का समर्थन करता रहेगा, जो नार्को-आतंकवाद के खिलाफ खड़े हैं। साथ मिलकर हम तस्करी और भ्रष्टाचार नेटवर्क को ध्वस्त करेंगे, संगठनों को जवाबदेह ठहराएंगे और ताकत के जरिए शांति बहाल करेंगे। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने इक्वाडोर के सहयोगियों को धन्यवाद दिया और कहा कि अमेरिकी साउथर्न कमांड से और अपडेट आने की उम्मीद है।
हताहतों की स्थिति
फॉक्स समाचार की रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल ऑपरेशन में किसी के हताहत होने की जानकारी स्पष्ट नहीं है। यह स्ट्राइक पिछले सप्ताह अमेरिकी और इक्वाडोरियन सेनाओं द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियानों का हिस्सा है, जिसमें संदेहित नार्को-आतंकवादियों को निशाना बनाया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal