नई दिल्ली, 07 मार्च। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार लगातार महंगाई बढ़ाकर आम जनता पर बोझ डाल रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए पोस्ट में कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर में 60 रुपये की वृद्धि कर दी गई है, जबकि वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये का इजाफा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम थीं तब भी सरकार ने इसका लाभ जनता तक नहीं पहुंचाया और अब महंगाई का बोझ आम लोगों पर डाला जा रहा है।
खरगे ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि युद्ध जैसे वैश्विक हालातों के बीच “सब चंगा सी” का दावा करने वाली मोदी सरकार देश में पर्याप्त मात्रा में तेल, गैस और उर्वरक उपलब्ध कराने में भी असफल साबित हो रही है।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि “महंगाई मैन” मोदी ने एक बार फिर जनता को झटका दिया है। पार्टी के अनुसार घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत सीधे 60 रुपये बढ़ा दी गई है, जबकि वाणिज्यिक सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को अब 115 रुपये अधिक चुकाने होंगे।
कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम लोगों पर लगातार महंगाई का दबाव बढ़ता जा रहा है और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने घर का बजट और मुश्किल बना दिया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal