कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली मनाई जाती है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग बनारस पहुंचते हैं। इस साल 24 नवंबर को देव दीपावली मनाई जाएगी, जिसपर बनारस के घाट दीयों की रोशनी से जगमगा उठेंगे।
हालांकि, इस दौरान बनारस में लोगों का तांता लग जाता है, लेकिन ये एक ऐसा अनुभव होता है, जिसे कोई मिस नहीं करना चाहता। अगर आप भी देव दीपावली के लिए बनारस जाने का प्लान बना रहे हैं, तो अपनी ट्रिप को यादगार बनाने के लिए ये ट्रैवल प्लान फॉलो करें। आइए जानें इसके बारे में।
काशी पहुंचे और शाम की गंगा आरती
देव दीपावली के दिन भीड़ और ट्रैफिक प्रतिबंधों से बचने के लिए 23 नवंबर को दोपहर तक वाराणसी पहुंच जाएं। होटल में चेक-इन करके थोड़ा आराम करें और शाम को अस्सी घाट जाएं। यहां डूबते सूरज का खूबसूरत नजारा देखें और इसके बाद गंगा आरती में शामिल हों। डिनर के लिए आप किसी लोकल रेस्टोरेंट में जा सकते हैं।
देव दीपावली महोत्सव
सुबह जल्दी उठकर गंगा स्नान करें और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच जाएं। ये काम आपको सुबह ही करना है, वरना भीड़ काफी बढ़ जाएगी। इसके बाद दिन में आराम करें या बनारस के लोकल स्ट्रीट फूड्स को एक्सप्लोर करें। इसके बाद सनसेट से पहले गंगा घाट या नाव पर पहुंच जाएं। शाम को दीपदान शुरू होता है और सभी घाट दीयों की रोशनी में टिमटिमा उठते हैं। गंगा आरती और देव दीपावली पर होने वाली आतिशबाजी का नजारा नाव से बहुत खूबसूरत दिखता है।
सारनाथ घूमें और वापसी
तीसरे दिन सुबह बनारस की चहल-पहल से दूर शांत वातावरण के लिए सारनाथ निकल जाएं। ये वाराणसी से लगभग 10 किलोमीटर दूर है। यहां धमेख स्तूप, चौखंडी स्तूप और पुरातात्विक संग्रहालय देखने के बाद शाम को अपनी वापसी की तैयारी करें।
जरूरी बातें
देव दीपावली पर होटल और नावों की डिमांड काफी बढ़ जाती है और रेट भी काफी महंगे हो जाते हैं। इसलिए एडवांस बुकिंग करवा लें। घाटों से थोड़े दूर होटल आपको कम दाम में मिल सकते हैं। इसी तरह नाव की भी बुकिंग कर लें।
देव दीपावली पर भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक प्रतिबंध भी लगे होते हैं। इसलिए आपको काफी पैदल चलना पड़ सकता है। इसलिए होटल से आरामदायक जूते पहनकर ही निकलें।
शाम को ठंड बढ़ जाती है। इसलिए अपने साथ जैकेट या ऊनी कपड़ें रखें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal