नई दिल्ली, अगले साल उत्तर प्रदेश और पंजाब समेत देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समेत तमाम राजनीति पार्टियां सक्रिय हो गई हैं। इस बीच पार्टियों में जुबानी जंग भी शुरू हो गई है। इन सबके बीच पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कपड़ों को लेकर सवाल उठाया। इस पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा कपड़ों पर की गई टिप्पणी पर करारा जवाब दिया। दरअसल, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक न्यूज चैनल में साक्षात्कार के दौरान अरविंद केजरीवाल के कपड़ों को लेकर व्यंग किया था।

दरअसल, पत्रकार ने चरणजीत सिंह चन्नी से पूछा था कि अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि कांग्रेस ने पंजाब में तमाशा बनाकर रख दिया है। इस पर पंजाब के सीएम ने कहा कि एक बात बताओे कि आप के पास पांच हजार रुपये होते हैं ना, सभी के पास होते हैं। उनके पास भी होंगे, अरविंद केजरीवाल को ढाई लाख वेतन मिलता है कपड़े तो सही पहनें।
इस पर अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री को ट्विटर पर करारा जवाब दिया। अरविंद केजरीवाल ने लिखा इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि चरणजीत सिंह चन्नी को उनके कपड़े पसंद नहीं हैं, क्योंकि जनता को अरविंद केजरीवाल के कपड़े पसंद हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से आगे पूछा कपड़े छोड़ो, आप जनता के वादे कब पूरा करोगे।
अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने चुनाव जीतने से पहले जनता से दर्जनों वादे किए थे, जिनमें से एक भी पूरा नहीं हो सका है। अरविंद केजरीवाल ने वादे गिनाते हुए चरणजीत सिंह चन्नी से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार कब दोगे। किसानों के कर्जे कब माफ करोगे। बेअदबी के दोषियों को जेल क्यों नहीं भेजते। दागी मंत्रियों, एमएलए और अफ़सरों पर एक्शन कब लोगे।