दिल्ली में तीन दिन होगी बारिश : आज के लिए मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली सहित उत्तर भारत के हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों से प्राप्त नमी के कारण हुई।

पिछले सप्ताह भीषण गर्मी और लू से बेहाल दिल्ली-एनसीआर को राहत मिली है। शुक्रवार सुबह आए आंधी-तूफान व बारिश का असर शनिवार को भी देखने को मिला। इससे मौसम सुहावना हो गया और तापमान में कमी आने के कारण लोग गर्मी को भूल गए। मौसम का ऐसा मिजाज अभी खत्म नहीं होने वाला। खुशनुमा मौसम का यह दौर अभी अगले सप्ताह के अंत तक बना रहेगा। मौसम विभाग ने चार मई के लिए तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पांच से सात मई तक हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

इस वजह से हो रही बारिश
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली सहित उत्तर भारत के हिस्सों में हुई मूसलाधार बारिश अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों से प्राप्त नमी के कारण हुई। शनिवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली, उसके बाद एक बार फिर काले बादलों ने आसमान में डेरा डाल लिया। कुछ इलाकों में सुबह 10 बजे के आसपास हल्की बारिश हुई।

बारिश के कारण गिरा पारा
मौसम के इस बदले मिजाज से शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री कम 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में लोधी रोड और रिज इलाका ठंडा रहा। लोधी रोड में जहां अधिकतम तापमान 33.7 और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं रिज में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

8 मई से बढ़ेगा पारा
जबकि मूसलाधार बारिश के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री की गिरावट हुई थी और तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री कम 18.5 डिग्री दर्ज हुआ था। अगले सप्ताह बारिश, गरज वाले बादल, 30-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने, बिजली कड़कड़ने की संभावना है। चार मई से तापमान 34-36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। जबकि पांच मई को अधिकतम तापमान के 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। आठ मई से अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होनी शुरु होगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री के बीच और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री के बीच रहेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com