दिल्ली में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस

कंपकंपाती ठंड ने मंगलवार को दिल्ली का 22 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अधिकतम तापमान 1997 के बाद सबसे नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस रहा। 1997 में यह 11.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।

पश्चिमी हिमालय से बहने वाली सर्द हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में पारे को लुढ़का दिया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत यूपी का अधिकांश मैदानी इलाका ऐसी ही ठंड की चपेट में रहे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि पूरे उत्तर भारत में बुधवार को भी ऐसे ही हालात बने रहेंगे। हालांकि बृहस्पतिवार से तापमान बढ़ने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पश्चिमी हिमालय क्षेत्र से आ रही सर्द हवाओं ने पूरे इलाके को जद में ले रखा है। उत्तर भारत में तड़के छाया घना कोहरा दिन चढ़ने के साथ वातावरण में निचले स्तर के बादल (लो क्लाउड) में तब्दील हो गया। इससे सूरज की किरणें धरती पर नहीं पहुंच सकीं। इसका सीधा असर तापमान में गिरावट के तौर पर सामने आया।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड गंभीर स्तर पर है। पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व चंडीगढ़ का मौसम सर्द है। इन राज्यों के कुछ इलाकों में ठंड का प्रकोप ज्यादा है।

बुधवार को भी सर्द हवाएं पूरे उत्तर भारत को कंपकंपाएंगी। बृहस्पतिवार को तापमान बढ़ने से दिल्ली-एनसीआर के साथ हरियाणा व पंजाब में ठंड कुछ कम होगी। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में ठंडक बनी रहेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com