दिल्ली चुनाव ने साबित कर दिया कि भाजपा की नफरत की राजनीति सफल नहीं हो सकती: अखिलेश यादव

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी जीत के करीब है। इस बार भी केजरीवाल का झाड़ू जमकर चला है। आप की इस जीत पर राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिक्रिया भी आने लगी है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों को देश की शांति व विकास के लिए शुभ संकेत और स्वस्थ संदेश बताया है।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि ‘दिल्ली के नतीजे बता रहे हैं कि अधिकांश भारतीय आज भी सामाजिक रूप से उदार व राजनीतिक रूप से समझदार हैं व धर्म जैसे व्यक्तिगत विषय को राजनीति के पंक में घसीटकर अपना सियासी फूल खिलाने वालों के खिलाफ हैं। ये देश की शांति व विकास के लिए शुभ संकेत व स्वस्थ संदेश भी है।’

अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की जीत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई देते हुए कहा है कि इस जनादेश का संदेश पूरे देश में जाएगा। दिल्ली चुनाव ने साबित कर दिया कि भाजपा की नफरत की राजनीति सफल नहीं हो सकती है।

अखिलेश ने एक बयान में कहा कि दिल्ली चुनाव परिणाम से यह साफ हो गया है कि भाजपा का सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा झूठा है। उत्तर प्रदेश में भी भाजपा के साथ कोई नहीं है। यहां न किसी का विकास हुआ है और न भाजपा पर किसी को विश्वास है।

लोकसभा चुनाव में भाजपा ने धोखा देकर केंद्र में तो अपनी सरकार बना ली, लेकिन एक साल के अंदर ही दिल्ली की जनता ने अपना फैसला विकास के पक्ष में दिया।

भाजपा का पूरा शीर्ष नेतृत्व, भाजपा सरकारों के मुख्यमंत्री, सांसद, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री भाजपा को जिताने में दिन रात एक किए थे। यह भी स्पष्ट है कि भाजपा किसी भी बाग को उजाडऩे की ताकत नहीं रखती है। लोकतंत्र में भारतीय समाज की बाग फलती-फूलती रहेगी।

बता दें कि सपा अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली विधानसभा चुनाव पर एग्जिट पोल के आंकड़ों का भी हवाला देते हुए भाजपा को घेरा था। उन्होंने कहा था कि दिल्लीवासियों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है।

अखिलेश ने शनिवार रात ट्वीट कर कहा था कि ‘एक्जिट पोल के आंकड़े ये संकेत दे रहे हैं कि भाजपा की नफरत भरी नकारात्मक राजनीति को आज दिल्लीवासियों ने पूरी तरह नकार दिया है और कल पूरा देश नकारेगा। ये है नये परिपक्व व युवा भारत का संदेश कि जो भी देश की तरक्की, लोगों की भलाई और अमन-चैन का काम करेगा जनता उसी को चुनेगी।’

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com