त्योहारों के दौरान अमृतसर में आतंकी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एके-47 राइफल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी के विदेशी तस्करों से संपर्क होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने साजिश की नाकाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी विदेशी हैंडलरों के निर्देश पर अवैध हथियारों की सप्लाई हासिल करने में जुटा था। जांच में यह भी पता चला है कि त्योहारों के मद्देनजर पुलिस थानों और अन्य सरकारी संस्थानों को निशाना बनाकर वारदात की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए साजिश को नाकाम कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
इस संबंध में थाना घरिंडा में आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साथ ही विदेशी तस्करों से उसके संपर्क और नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal