देश में कोरोना का कहर तेजी से फैल रहा है। कोरोना के बढ़ते मामले अब भयावह हो गए हैं और दूसरी तरफ राज्यों के पास वैक्सीन की कमी देखी जा रही है। देश के कई राज्यों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे ही झारखंड के एक मैनेजमेंट स्कूल में 40 छात्र और शिक्षक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
झारखंड के जमशेदपुर में एक्सएलआरआई स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के 40 छात्र और शिक्षक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद कॉलेज को सील कर दिया गया है। राज्य के सीएमओ डॉक्टर साहिर पाल ने इस बात की जानकारी दी।
बता दें कि छात्रों को हॉस्टल ब्लॉक में ही क्वारंटीन कर दिया गया है। शनिवार को झारखंड में कोरोना के 2,373 नए मरीज मिले। वहीं शनिवार को झारखंड में कोरोना वायरस की वजह से 17 लोगों की मौत हुई और 667 से ज्यादा मरीज स्वस्थ हुए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, झारखंड में कोरोना के कुल मामले 1.37 लाख के पार हो गए हैं।
वहीं झारखंड में 12 हजार से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। झारखंड का सबसे ज्यादा प्रभावित जिला जमशेदपुर है, जहां हर दिन करीब 200 मरीजों की संख्या सामने आ रही है।
कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ने और जीतने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने प्रदेश में 30 अप्रैल तक धारा 144 लगा दी है। झारखंड में स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान बंद कर दिए गए हैं और दुकानों को भी रात आठ बजे तक ही खुलने का समय दिया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
