सूर्यकुमार यादव ने सोमवार को लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान की भूमिका निभाई और जीत हासिल की। मुंबई ने अपने होमग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम पर आईपीएल 2026 के 47वें मैच में लखनऊ को 8 गेंदें शेष रहते छह विकेट से मात दी।
सूर्यकुमार यादव की आईपीएल 2026 में यह तीसरी जीत रही और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पूरी टीम को इसका श्रेय दिया। सूर्या ने मैच के बाद कहा कि गेंदबाजों ने काफी दमदार वापसी कराई और फिर बल्लेबाजों ने अपना काम बखूबी निभाया।
सूर्या ने क्या कहा
पावरप्ले में ज्यादा रन बनना नई बात नहीं है। 7-10 ओवर के बीच मैच खींचने का सर्वश्रेष्ठ समय होता है। जिस तरह सभी गेंदबाजों ने जिम्मेदारी उठाई, उन्होंने गजब का जज्बा दिखाया। इस मुकाबले में काफी आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिली। हमने कुछ दिन पहले 244 रन बनाए, लेकिन हैदराबाद ने लक्ष्य पा लिया था। 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते समय अच्छी शुरूआत की जरूरत थी। हमारे बल्लेबाज पूरे समय नियंत्रण में रहे। अंत में नमन धीर और सभी ने जिस तरह बल्लेबाजी की, वो शानदार रही। -सूर्यकुमार यादव, मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान
मैच का हाल
मैच की बात करें तो लखनऊ सुपरजायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 228/5 का स्कोर बनाया। जवाब में मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। मुंबई को जीत दिलाने में ओपनर्स रोहित शर्मा (84) और रेयान रिकल्टन (83) ने अहम भूमिका निभाई।
प्वाइंट्स टेबल का हाल
मुंबई ने इस जीत के साथ ही प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा। पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस की 10 मैचों में यह तीसरी जीत रही और 6 अंकों के साथ वो प्वाइंट्स टेबल में 9वें स्थान पर है। वहीं, लखनऊ की यह 9 मैचों में सातवीं शिकस्त रही और वो आखिरी स्थान पर है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal