अहमदाबाद, साबरमती नदी के किनारे दिव्य काशी भव्य काशी के नारे गूंजे, संतों ने यहां साबरमती नदी की महाआरती के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काशी विश्वनाथ मंदिर के जिर्णोद्धार के लिए आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने बाद में संतों को खाना परोसा और आशीर्वाद लिया।

गुजरात में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा सरकार व संगठन पुरजोश में चुनावी तैयारियां कर रहे हैं, मतदाताओं के साथ संत महात्माओं के बीच भी भाजपा पैठ बनाने में लगी है। काशी विश्वनाथ मंदिर के जिर्णोद्धार केलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद के लिए भाजपा ने मंगलवार को अहमदाबाद रिवरफ्रंट पर धर्माचार्य आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। धर्माचार्य समारोह में प्रदेश के संत महात्मा शामिल हुए जिनहोंने साबरमती नदी की महाआरती की तथा दिव्य काशी भव्य काशी के जयघोष के साथ प्रधानमंत्री मोदी को भी आशीर्वाद दिया।
भाजपा ने संतों एवं महात्माओं के लिए यहां भोजन की भी व्यवस्था की जिसमें मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एवं भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल ने खुद खाना परोसकर आशीर्वाद लिया। इससे पहले पाटिल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय पर भाजपा सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारियों कीएक बैठक बुलाई जिसमें उन्होंने मार्च 2022 में प्रस्तावित प्रधानमंत्री की गुजरात यात्राओं का जिक्र करते हुए कहा कि पेज समिति का काम इस माह में पूरा कर लिया जाए। पाटिल खुद एक दिन एक जिला अभियान पर निकलने वाले हैं, इसके लिए जिला अध्यक्षों को तैयारी करने को कहा गया है।
पाटिल ने कहा कि भाजपा के पास कार्यकर्ताओं की फौज है जबकि कांग्रेस के पास कार्यकर्ता भी नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी मार्च 2022 में गुजरात में युवा, महिला, किसान सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा ने जोरदार तैयारियां भी शुरू कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय सहप्रभारी सुधीर गुप्ता ने बताया कि गुजरात में हुए पेज समिति के काम की राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सराहना करते हुए अन्य राज्यों की इकाईयों को भी इसका अनुसरण करने को कहा है। भाजपा का हर कार्यकर्ता सक्षम है तथा अपना बेहतर कार्य करता है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal