केजरीवाल-भगवंत मान आज अमृतसर में: धार्मिक कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल आज अमृतसर आएंगे। वे पाइटेक्स ग्राउंड, रंजीत एवेन्यू में आयोजित भगवान शिव के नाम एक शाम कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी भगवान शिव की महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन सनातन सेवा समिति पंजाब तथा पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।

कार्यक्रम शनिवार शाम 6:30 बजे शुरू होगा। संत-महापुरुषों, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। आयोजन में प्रवेश सभी श्रद्धालुओं के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।

कार्यक्रम स्थल पर विशाल मंच और भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा एवं सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सलाहकार दीपक बाली, जिलाधीश दलविंदरजीत सिंह, पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर तथा सनातन सेवा समिति पंजाब के अध्यक्ष विजय शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया और तैयारियों की समीक्षा की।

पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राजनीति से ऊपर उठकर समाज के कल्याण और आध्यात्मिक जागरूकता के लिए समर्पित है।

हलवारा एयरपोर्ट पहुंचेंगे केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ शनिवार दोपहर एयर इंडिया की उड़ान से दिल्ली से हलवारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान उनका स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री स्वयं लुधियाना से सड़क मार्ग के जरिए हलवारा एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ रायकोट के विधायक हाकम सिंह ठेकेदार, ब्लॉक प्रधान रमेश जैन तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे। यहां से अरविंद केजरीवाल, सुनीता केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान का काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव एतिआणा स्थित हेलीपेड के लिए रवाना होगा। एतिआणा हेलीपेड से तीनों पंजाब सरकार के हेलीकॉप्टर से श्री अमृतसर साहिब के लिए उड़ान भरेंगे।

एयरपोर्ट लैंड संघर्ष कमेटी सौंपेगी मांग पत्र
इस दौरान हलवारा एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित भूमि से जुड़े किसानों का प्रतिनिधिमंडल भी अपनी मांगों को लेकर नेताओं से मिलेगा। एयरपोर्ट लैंड संघर्ष कमेटी के प्रधान एवं गांव एतिआणा के पूर्व सरपंच लखवीर सिंह ने बताया कि प्रशासन से समय मिलने के बाद कमेटी के सदस्य हलवारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ही अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान को मांग पत्र सौंपेंगे।

उन्होंने कहा कि मांग पत्र में एयरपोर्ट परियोजना से प्रभावित किसानों और भूमि मालिकों के लंबित मुद्दों के समाधान तथा उचित मुआवजे एवं अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। किसानों को उम्मीद है कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

सुरक्षा के रहेंगे कड़े इंतजाम
वीवीआईपी दौरे को देखते हुए हलवारा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से लेकर एतिआणा हेलीपेड तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा बल तैनात रहेंगे, जबकि पूरे रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था भी विशेष रूप से नियंत्रित की जाएगी। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com