कुछ महिलाओं को डिलीवरी के बाद भी पेट में दर्द की समस्या हो सकती है, जानें इसके कारण और इलाज –

मां बनना किसी भी महिला के लिए सबसे सुखद एहसासों में से एक है। प्रेगनेंसी के दौरान महिला की शरीर में कई बदलाव आते हैं, जिसके कारण उसे कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सिर्फ प्रेगनेंसी ही नहीं, बल्कि बच्चे के जन्म के बाद भी महिलाओं को कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। गर्भावस्था के दौरान पेट में दर्द होना सामान्य है। लेकिन कई महिलाओं को डिलीवरी के बाद भी पेट में दर्द की शिकायत रह सकती है। आमतौर पर ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शरीर गर्भावस्था से पहले वाली स्थिति में वापस आ रहा होता है। हालांकि, कई अन्य कारणों की वजह से भी डिलीवरी के बाद पेट दर्द की समस्या हो सकती है। डिलीवरी के बाद पेट में दर्द क्यों होता है? और इस दर्द से छुटकारा कैसे पाया जाए?, इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिए हमनें झलकारीबाई अस्‍पताल, लखनऊ की गाइनोकॉलोज‍िस्‍ट डॉ दीपा शर्मा से बात की। आज इस लेख में हम आपको डिलीवरी के बाद पेट दर्द के कारण और बचाव के उपायों के बारे में बता रहे हैं –

डिलीवरी के बाद पेट में दर्द होने के कारण –

गर्भाशय का वापस पहली वाली शेप में आना

डिलीवरी के बाद पेट में दर्द का सबसे आम कारण गर्भाशय का वापस से नॉर्मल शेप में आना है। दरअसल, गर्भावस्था के दौरान भ्रूण को सहारा देने के लिए गर्भाशय का आकार सामान्य से काफी गुना बढ़ जाता है। शिशु के जन्म के बाद यह धीरे-धीरे नॉर्मल शेप में वापस आने लगता है। इसकी वजह से डिलीवरी के कुछ दिनों बाद तक पेट में काफी तेज दर्द रह सकता है। हालांकि, धीरे-धीरे यह दर्द कम होने लगता है। बच्चे को स्तनपान करवाने के दौरान यह दर्द बढ़ सकता है।

सिजेरियन डिलीवरी

नॉर्मल और सिजेरियन, दोनों टाइप की डिलीवरी के बाद पेट में दर्द होता है। हालांकि, सिजेरियन डिलीवरी के बाद शरीर को नॉर्मल होने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है। इस दौरान गर्भाशय सामान्य आकार में आने के लिए सिकुड़ता है, जिसकी वजह से पेट में तेज दर्द उठ सकता है। सिजेरियन डिलीवरी के बाद यह दर्द कुछ हफ्तों तक हो सकता है।

कब्‍ज 

कई बार डिलीवरी के बाद महिलाओं को कब्‍ज की समस्या हो जाती है। यह भी पेट में दर्द का एक कारण हो सकता है। डिलीवरी के बाद हाई प्रोजेस्‍टेरोन लेवल, फाइबर की कमी, बवासीर या शारीरिक गतिविधि की कमी के कारण कब्ज की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, कुछ दवाइयों के सेवन की वजह से भी कब्ज हो सकती है। कब्ज होने पर महिलाओं को पेट में ऐंठन और ब्लोटिंग महसूस हो सकती है।

डिलीवरी के बाद पेट दर्द कब तक रहता है? 

डिलीवरी के बाद गर्भाशय को नॉर्मल आकार में वापस आने में 6 से 8 हफ्तों का समय लगता है। अगर आपकी नॉर्मल डिलीवरी हुई है, तो आपको कुछ दिनों तक पेट में दर्द हो सकता है। वहीं, अगर आपकी सिजेरियन डिलीवरी हुई है, तो यह दर्द कुछ हफ्तों तक रह सकता है। अगर आपको इससे ज्‍यादा दिनों तक दर्द हो रहा है, तो डॉक्‍टर को दिखाएं।

डिलीवरी के बाद पेट में दर्द के उपाय

  • डिलीवरी के बाद पेट में दर्द से राहत पाने के लिए आप कुछ घरेलू उपायों को आजमा सकती हैं, जो इस प्रकार हैं –
  • डॉक्टर की सलाह पर आप पेट दर्द से आराम पाने के लिए कुछ दवाइयों का सेवन कर सकती हैं।
  • पेट दर्द और ऐंठन से आराम पाने के लिए आप नारियल या जैतून के तेल से पेट की मालिश करवा सकती हैं।
  • डिलीवरी के बाद कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी जाती है। लेकिन उसके बाद आपको एक्टिव रहना चाहिए। इससे आपको कब्ज से छुटकारा मिलगा और पेट दर्द से भी राहत मिलेगी।
  • पेट दर्द से राहत पाने के लिए आप डीप ब्रीदिंग एक्सरसाइज कर सकती हैं। इसके लिए आप प्राणायाम और मेडिटेशन कर सकती हैं। इसके अलावा, योग की मदद से भी पेट में दर्द और ऐंठन को कम किया जा सकता है।
  • पेट दर्द होने पर हीटिंग पैड से सिकाई करने से आपको आराम मिल सकता है। हालांकि, अगर आपकी सिजेरियन डिलीवरी हुई है या किसी तरह की समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह अवश्य लें।

डिलीवरी के बाद कुछ दिनों तक पेट में दर्द हो सकता है। लेकिन अगर लंबे समय तक दर्द बना रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से परामर्श लें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com